यूपी की अर्थव्यवस्था 2017 में ₹13.3 लाख करोड़ से बढ़कर अब ₹30 लाख करोड़ तक पहुंच गई है। निवेश, उद्योग, निर्यात और रोजगार में तेजी आई है। राज्य ईथेनॉल उत्पादन में देश में नंबर एक बन गया है।
Business: समृद्धि कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के आबकारी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था और निवेश माहौल में आए अभूतपूर्व बदलावों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि 2017 के बाद यूपी ने कई चुनौतियों को पार करते हुए देश के सबसे तेजी से बढ़ते औद्योगिक और आर्थिक केंद्रों में अपना नाम बनाया है। एक्सप्रेसवे नेटवर्क से लेकर ईथेनॉल उत्पादन, निवेश बढ़ाने और निर्यात वृद्धि तक राज्य कई क्षेत्रों में देश की अगुवाई कर रहा है।
इंफ्रास्ट्रक्चर और कानून व्यवस्था ने बदली तस्वीर
अग्रवाल ने कहा कि 2017 में यूपी कानून-व्यवस्था की कमजोर स्थिति और धीमी अर्थव्यवस्था के कारण निवेशकों के लिए चुनौतीपूर्ण था। पिछले आठ साल में राज्य ने इन क्षेत्रों में बड़ा बदलाव किया है। आज यूपी एक्सप्रेसवे नेटवर्क के मामले में पूरे देश में सबसे आगे है और देश के कुल एक्सप्रेसवे का 37% यूपी में है। सरकार का लक्ष्य इसे 50% से ज्यादा करना है। बेहतर सुरक्षा और आसान प्रशासन के कारण अब निवेशक यूपी में निवेश करने के लिए तैयार हैं।
अर्थव्यवस्था में रिकॉर्ड वृद्धि
मंत्री ने बताया कि यूपी की GSDP 2017 में 13.3 लाख करोड़ रुपये थी, जो अब बढ़कर 30 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। सरकार का अनुमान है कि यह साल के अंत तक 35 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है। GSVA भी 1 लाख करोड़ से बढ़कर 2.81 लाख करोड़ रुपये हो गई है। निर्यात में भी तेजी आई है, जहां 2017 में 84,000 करोड़ रुपये का माल विदेश भेजा जाता था, अब यह बढ़कर 1.86 लाख करोड़ रुपये हो चुका है।
यूपी ईथेनॉल उत्पादन में देश का नंबर एक
नितिन अग्रवाल ने बताया कि यूपी अब ईथेनॉल उत्पादन में देश में सबसे आगे है। भारत में कुल 550 करोड़ लीटर ईथेनॉल बनता है, जिसमें से 350 करोड़ लीटर सिर्फ यूपी में तैयार होता है। महाराष्ट्र पहले इस क्षेत्र में आगे था, लेकिन यूपी ने IT-आधारित पारदर्शी निगरानी और उद्योगों को आसान सुविधाएं देकर इसे पीछे छोड़ दिया है।
बढ़ता उद्योग विस्तार
मंत्री ने कहा कि 2016–17 में यूपी में करीब 13,000 उद्योग थे, जो अब बढ़कर 27,295 उद्योग हो गए हैं। तीन साल पहले हुए निवेशक सम्मेलन में 30 लाख करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स के प्रस्ताव आए थे, जो अब 45 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गए हैं। इनमें से 15 लाख करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स का भूमि पूजन हो चुका है और कई जगह काम शुरू हो चुका है।
रोजगार के अवसर
अग्रवाल ने बताया कि 2017 में यूपी की बेरोजगारी दर 6.4% थी, जो अब घटकर 2.4% हो गई है। सरकारी नौकरियों में 8 लाख युवाओं को मौका मिला है, जबकि MSME और प्राइवेट सेक्टर में 90 लाख से ज्यादा लोगों को रोजगार मिला है। राज्य की प्रति व्यक्ति आय भी दोगुनी होकर 1.08 लाख रुपये हो गई है।
2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की तैयारी
मंत्री ने कहा कि यूपी मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को मजबूत करके 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की तैयारी कर रहा है। वर्तमान में मैन्युफैक्चरिंग का हिस्सा 10% है, जिसे बढ़ाकर 35–40% करना है। इसके लिए नए इंडस्ट्रियल क्लस्टर बनाए जा रहे हैं, जैसे सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रिक वाहन और ऑटोमोबाइल।
मेगा टेक्सटाइल हब
लखनऊ और हरदोई के बीच देश का सबसे बड़ा मेगा टेक्सटाइल हब तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा लेदर क्लस्टर, फूड प्रोसेसिंग और अन्य पारंपरिक उद्योगों को पुनर्जीवित करने की योजनाएं चल रही हैं।
सेवा क्षेत्र, स्किल डेवलपमेंट और AI पर जोर
आने वाले समय में IT, हेल्थकेयर और टेलीमेडिसिन यूपी की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगे। राज्य में स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम्स चल रहे हैं ताकि उद्योगों को प्रशिक्षित और कुशल लोग मिल सकें। सरकार AI और डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल बढ़ा रही है, जिससे उद्योगों को सुविधाजनक माहौल मिलेगा।










