उत्तर प्रदेश में आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी बीच नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने ओबीसी आरक्षण सुनिश्चित करने की मांग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्य चुनाव आयोग को लिखे पत्र के माध्यम से की है।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस बीच आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के मुखिया और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने चुनाव में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए सीटों और पदों पर उचित आरक्षण की व्यवस्था करने की मांग की है और चुनाव आयोग से आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
नगीना सांसद ने इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर और राज्य चुनाव आयोग को चिट्ठी लिखी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में अन्य पिछड़ा वर्ग के आरक्षण से जुड़ा एक अत्यंत महत्वपूर्ण, संवैधानिक और सामाजिक न्याय का प्रश्न खड़ा हो गया है।
2023 के अनुभव से लिया सबक
चंद्रशेखर आजाद ने पत्र में कहा कि 2023 के नगर निकाय चुनावों में ओबीसी आरक्षण को लेकर सरकार की लापरवाही के कारण चुनावी प्रक्रिया पर हाईकोर्ट ने रोक लगा दी थी। इसके बाद सरकार को सुधारात्मक कदम उठाने पड़े थे। उन्होंने चिंता जताई कि पिछले अनुभव से सबक लेने के बावजूद, आगामी पंचायत चुनाव में ओबीसी आरक्षण को लागू करने के लिए कोई स्पष्ट, समयबद्ध और पारदर्शी कार्रवाई नहीं की गई है।
सांसद ने कहा कि यह स्थिति प्रशासनिक असफलता को दर्शाती है और ओबीसी समाज के संवैधानिक अधिकारों के प्रति सरकार की उदासीनता को उजागर करती है। उन्होंने आग्रह किया कि पंचायत चुनावों में ओबीसी आरक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि संविधान में निहित सामाजिक न्याय की भावना को मजबूत किया जा सके।
![]()
संवैधानिक अधिकार और सामाजिक न्याय
चंद्रशेखर ने पत्र में स्पष्ट किया कि संविधान के अनुच्छेद 243D(6) के तहत राज्य सरकार को पंचायतों में ओबीसी आरक्षण की व्यवस्था करने का अधिकार प्राप्त है। यदि ग्राम पंचायत और जिला पंचायत स्तर पर ओबीसी समाज का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित नहीं किया गया, तो यह केवल एक वर्ग के अधिकारों का हनन नहीं होगा, बल्कि संविधान में प्रदत्त सामाजिक न्याय की मूल भावना पर भी चोट पहुँचेगी।
सांसद ने कहा, ओबीसी आरक्षण लागू करना राज्य सरकार का दायित्व है, कोई विशेष कृपा नहीं। यह संवैधानिक अधिकार है, जिसे सुनिश्चित करना अनिवार्य है।
समयबद्ध और पारदर्शी प्रक्रिया की अपील
चंद्रशेखर आजाद ने जोर देकर कहा कि आगामी पंचायत चुनावों में ओबीसी आरक्षण को लेकर संपूर्ण प्रक्रिया समयबद्ध और पारदर्शी होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि कोई स्थिति ऐसी न बने कि पंचायत चुनाव ओबीसी आरक्षण के बिना संपन्न हों। सांसद ने यह भी स्पष्ट किया कि ओबीसी आरक्षण लागू करना केवल राजनीतिक आवश्यकता नहीं बल्कि संवैधानिक दायित्व और सामाजिक न्याय का प्रश्न है।
उन्होंने सरकार और चुनाव आयोग से अपील की कि वे पिछले चुनावों से सीख लेकर सभी आवश्यक कदम तुरंत उठाएँ और पंचायत चुनाव में ओबीसी समाज को उनके अधिकार प्रदान करें।











