Odisha: राजधानी भुवनेश्वर में भीषण गर्मी, टेंपरेचर 43 के पार, लू को लेकर मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

Odisha: राजधानी भुवनेश्वर में भीषण गर्मी, टेंपरेचर 43 के पार, लू को लेकर मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
Last Updated: 06 अप्रैल 2024

ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में आज भीषण गर्मी के कारण जनजीवन बेहाल हो गया। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जिसके तहत अलर्ट जारी किया है कि 11 बजे से लेकर 3 बजे तक श्रमिकों के काम पर रोक होगी।

Odisha Heatwave: भुवनेश्वर में मौसम विभाग द्वारा आज इस वर्ष का सबसे अधिक टेंपरेचर रिकॉर्ड किया गया है। राजधानी स्थित भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि आज दोपहर 2 बजे तक भुवनेश्वर में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बता दें कि शुक्रवार सुबह 11 बजे तक पारा 39 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया।राजधानी में आसमान से बरस रही भीषण अग्निवर्षा से दिन तमाम राजधानी वासी परेशानी में दिखे।

ओडिशा के अन्य जिलों में तापमान

subkuz.com को मौसम विभाग केन्द्र से मिली जानकारी के मुताबिक ओडिशा के 25 शहरों में टेंपरेचर आज 40 डिग्री से. के ऊपर रिकॉर्ड किया गया है। जिनमें पारलाखेमुंडी में 42.6 डि.से., तालचेर में 42.1 डि.से., मालकानगिरी और बौद्ध में 42.2 डि.से., अनुगुल में 42.1 डि.से., बलांगीर, टिटिलागड़, नायगड़ में 42 डि.से. तथा कटक में 40.6 डि.से. तापमान रिकॉर्ड किया गया है।

श्रम कर्मचारी बीमा विभाग ने जारी किया निर्देश

मिले अपडेट के मुताबिक, प्रदेश में भीषण गर्मी के प्रकोप को देखते हुए श्रम एवं कर्मचारी राज्य बीमा विभाग ने दोपहर11 से 3 बजे तक श्रमिक कर्मचारियों के काम को रोकने के लिए निर्देश जारी किया है। विभाग ने इसके लिए सभी राजस्व आयुक्त, सभी जिलों के जिलाधीश एवं राज्य श्रम अधिकारी को आवश्यक कदम उठाने के लिए निर्देश जारी किया है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, विभाग द्वारा यह निर्देशनामा आज 6 अप्रैल से 15 जून तक के लिए जारी किया गया है। मौसम विभाग की रिपोर्ट अनुसार देखा जाए, तो ओडिशा के तटीय जिलों से लेकर उपनगरों तक हर जगह चिलचिलाती धूप से आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो रहा है।

मौसम विभाग द्वारा अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि शनिवार 6 अप्रैल को भी लू का असर काफी अधिक रहेगा, जिसके लिए अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी के टेंपरेचर में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना जताई गई है। बताया जा रहा है कि राज्य के अधिकांश जिलों में रात के समय उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।

विभाग ने बालेश्वर, जाजपुर, भद्रक, कटक, खुर्दा और नयागढ़ जिलों के लिए लू की चेतावनी जारी की गई है। परिस्थिति को देखते हुए क्षेत्रीय मौसम विभाग केंद्र ने प्रदेश के 14 शहरों के लिए 6 अप्रैल तक लू चलने की चेतावनी जारी की है। साथ ही राज्य में रात में गर्म स्थिति बनी रहेगी।

Leave a comment
 

Latest News