झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान एक आईईडी विस्फोट में CRPF के तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
रांची: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान एक आईईडी विस्फोट में CRPF के तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। यह धमाका छोटानागरा थाना क्षेत्र के बलिबा जंगल में हुआ, जहां पहले से बिछाए गए विस्फोटक में अचानक धमाका हुआ। घायल जवानों को तुरंत रांची रेफर किया गया हैं।
CRPF जवानों पर घात लगाकर हमला
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, यह हमला CRPF की 197 बटालियन की डी कंपनी के जवानों को निशाना बनाकर किया गया। विस्फोट में कंपनी कमांडर जी जे साई, एक ऑपरेटर और एक अन्य जवान घायल हुए हैं। उन्हें बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से रांची ले जाया गया है। सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे संयुक्त ऑपरेशन में नक्सलियों के ठिकानों को लगातार ध्वस्त किया जा रहा हैं।
हाल ही में टोंटो थाना क्षेत्र के हुसिपी गांव के पास एक नक्सली डंप से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए। इसमें देसी पिस्तौल, देसी कार्बाइन, बोल्ट एक्शन राइफल, 303 बोर की गोलियां, डेटोनेटर, वॉकी-टॉकी सेट, नक्सली वर्दी, स्पाइक रॉड और आईईडी बम शामिल हैं।
नक्सली टॉप लीडर्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
चाईबासा पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर के अनुसार, नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया और अश्विन सक्रिय रूप से इस क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम देने में लगे हैं। 2022 से सुरक्षा बलों द्वारा गोईलकेरा, कुईड़ा, मेरालगड़ा, हाथीबुरू, टोंटो और लुईया क्षेत्रों में नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा हैं।
इस ऑपरेशन में CRPF, कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस मिलकर नक्सलियों को उखाड़ फेंकने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही हैं।नक्सलियों को कमजोर करने के लिए सुरक्षा बलों ने गुप्त सूचना के आधार पर कई ठिकानों पर छापेमारी की है। आईईडी ब्लास्ट के बावजूद जवानों का मनोबल ऊंचा है और ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया हैं।