NXT Conclave 2025: एनएक्सटी कॉन्क्लेव 2025 में पीएम मोदी का जोरदार हमला, कहा - 'ब्रिटिश राज के कानून पर क्यों चुप विपक्ष?'

NXT Conclave 2025: एनएक्सटी कॉन्क्लेव 2025 में पीएम मोदी का जोरदार हमला, कहा - 'ब्रिटिश राज के कानून पर क्यों चुप विपक्ष?'
अंतिम अपडेट: 2 घंटा पहले

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनएक्सटी कॉन्क्लेव 2025 में कहा कि सरकार ने 10 वर्षों में 1500 अप्रासंगिक कानून खत्म किए, जिनमें ब्रिटिश काल का शादी में 10 से ज्यादा लोगों के डांस पर प्रतिबंध वाला कानून भी शामिल था।

NXT Conclave 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नई दिल्ली में एनएक्सटी कॉन्क्लेव 2025 को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने 'लुटियन जमात' और 'खान मार्केट गैंग' पर तीखा हमला बोला और उन्हें अंग्रेजों के समय के एक पुराने कानून की याद दिलाई। पीएम मोदी ने इस कानून पर इन लोगों की चुप्पी पर सवाल उठाया और कहा कि जो लोग हर मुद्दे पर जनहित याचिका लेकर अदालत पहुंचते हैं, वे इस पर क्यों नहीं बोले?

ब्रिटिश राज के डांस बैन कानून पर मोदी का हमला

प्रधानमंत्री मोदी ने अंग्रेजों के जमाने में बने नाट्य प्रदर्शन अधिनियम का जिक्र किया, जिसके तहत अगर किसी शादी में 10 लोग एक साथ डांस करते तो पुलिस दूल्हे समेत सभी को गिरफ्तार कर सकती थी। उन्होंने बताया कि यह कानून आजादी के 75 साल बाद भी लागू था, लेकिन उनकी सरकार ने इसे खत्म कर दिया।

पीएम मोदी ने कहा,

"अगर मोदी ऐसा कानून लाते तो सोचिए क्या होता? सोशल मीडिया पर झूठी अफवाह फैलाकर ये लोग आग लगा देते, मेरे बाल नोच लेते। मगर यह हमारी सरकार है जिसने इस बेकार कानून को खत्म किया।"

1500 पुराने कानूनों को खत्म किया

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले 10 सालों में लगभग 1500 अप्रासंगिक कानून खत्म किए हैं। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों ने ऐसे कई कानून बनाए थे, जो आज के समय में बेतुके लगते हैं।

उन्होंने एक और उदाहरण देते हुए कहा कि बांस काटने पर पहले लोगों को जेल हो जाती थी, क्योंकि सरकारें इसे एक पेड़ मानती थीं और इस पर पेड़ों से जुड़े सख्त कानून लागू होते थे। लेकिन हमारी सरकार ने इस पुराने नियम को हटाया और बांस को घास की श्रेणी में रखा, जिससे किसानों और व्यापारियों को राहत मिली।

डिजिटल भारत की ओर बढ़ता देश

पीएम मोदी ने कहा कि अब भारत टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि अब आयकर रिटर्न (ITR) मिनटों में फाइल हो जाता है और रिफंड भी कुछ ही दिनों में जारी हो जाता है।

इसके अलावा, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि अब बच्चे मध्य विद्यालय से ही कोडिंग, एआई और डेटा साइंस जैसी आधुनिक तकनीकों की शिक्षा ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार ने 50,000 अटल टिंकरिंग लैब्स शुरू करने की योजना बनाई है, जिससे छात्र प्रैक्टिकल नॉलेज हासिल कर सकें।

भारत बन रहा है वैश्विक शक्ति

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले एक दशक में 2.5 करोड़ से अधिक घरों में पहली बार बिजली पहुंची। इससे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मांग बढ़ी है और भारत अब इलेक्ट्रॉनिक्स का एक प्रमुख निर्यातक बन चुका है।

उन्होंने कहा,
"दशकों से दुनिया भारत को सिर्फ एक बैक ऑफिस मानती थी, लेकिन अब भारत दुनिया की नई फैक्ट्री बन रहा है।"

मोदी ने भारतीय कृषि उत्पादों के वैश्विक बाजारों में बढ़ती मांग का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अब पुलवामा की स्नो मटर, महाराष्ट्र के पुरंदर अंजीर और कश्मीर के क्रिकेट बैट जैसे उत्पादों की दुनियाभर में मांग बढ़ रही है।

Leave a comment