Paris Olympics 2024: हरमनप्रीत के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने हॉकी में न्यूजीलैंड को 3-2 से दी मात, मनदीप और विवेक ने भी किए गोल

Paris Olympics 2024: हरमनप्रीत के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने हॉकी में न्यूजीलैंड को 3-2 से दी मात, मनदीप और विवेक ने भी किए गोल
Last Updated: 28 जुलाई 2024

पेरिस ओलंपिक 2024 के पहले दिन ग्रुप बी के मुकाबलों में ऑस्ट्रेलिया ने अर्जेंटीना को 1-0 से और गत विजेता बेल्जियम ने आयरलैंड को 2-0 से हराया। इसके अलावा ग्रुप के मुकाबले में नीदरलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 5-3 से हरा दिया। भारत ने न्यूजीलैंड को 3-2 से मात दी हैं।

स्पोर्ट्स न्यूज़: भारतीय हॉकी टीम ने शनिवार (27 जुलाई) को न्यूजीलैंड को 3-2 से हराकर ओलंपिक में अपने अभियान की शरुआत जीत के साथ की हैं। टोक्यो में भारत ने 41 साल बाद कांस्य पदक जीता था। इस बार ग्रुप बी में भारत के लिए चुनौती कठिन मानी जा रही है, लेकिन जीत से शुरुआत के साथ भारतीय टीम ने अपने तेवर दिखा दिए हैं। चौथे क्वार्टर में दोनों टीमें एक समय 2-2 से बराबरी पर थीं। मैच खत्म होने से एक मिनट पहले हरमनप्रीत सिंह ने पेनाल्टी स्ट्रोक पर गोल कर भारत की जीत सुनिश्चित कर दी थी। अंतिम क्षणों में न्यूजीलैंड ने प्रयास किया लेकिन भारतीय टीम को जीत से नहीं रोक सकी। अब भारत का मैच सोमवार को अर्जेंटीना से होगा।

न्यूजीलैंड ने आठवें मिनट में किया पहला गोल

न्यूजीलैंड के सैम लेन ने आठवें मिनट में गोल कर दिया था। उसके बाद दूसरे क्वार्टर (24वें मिनट) में मनदीप सिंह ने भारतीय टीम को पेनाल्टी कॉर्नर पर बराबरी दिला दी। भारत की ओर से दूसरा गोल 34वें मिनट में विवेक सागर प्रसाद ने कर भारत को 2-1 से आगे कर दिया था। उसके बाद न्यूजीलैंड के सिमोन चाइल्ड ने 53वें मिनट में एक बार फिर स्कोर बराबरी पर ला दिया।

भारतीय टीम ने हासिल की जीत

भारतीय हॉकी टीम पहले हाफ में काफी ज्यादा दबाव में दिखी और खिलाड़ियों ने उस दौरान कई सामान्य गलतियां कीं। गेंद पर नियंत्रण के मामले में भी न्यूजीलैंड ने बाजी मारी। सैम लेन के गोल के बावजूद पहले क्वार्टर के आखिरी मिनट में मनदीप और सुखजीत गेंद को कीवी सर्कल के भीतर लेकर गए, लेकिन फिनिशिंग टच नहीं दे सके। दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम पूरी तरह बदली हुई नजर आई और न्यूजीलैंड को दबाव में लाकर मनदीप सिंह ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। हाफटाइम ब्रेक के बाद भारतीय टीम के तेवर काफी गरम नजर आए और टीम के लिए तीसरे ही मिनट में मनदीप ने सर्कल पर से बैकहैंड पास दिया जिसे अभिषेक ने पकड़ा, लेकिन सुखजीत और राजकुमार पाल की पोजिशनिंग में तालमेल होने के कारण गोल नहीं हो सका।

बता दें इसके बाद अगले ही मिनट भारत की फॉरवर्ड पंक्ति ने फिर हमला बोला और मनदीप ने सुखजीत को गेंद सौंपी और आखिरी स्टिक विवेक की लगी जिससे भारत ने शानदार फील्ड गोल करके बढ़त बना ली। फॉरवर्ड पंक्ति के दमखम के बाद डिफेंडरों का जादू चला और 36वें से 37वें मिनट के बीच न्यूजीलैंड को लगातार चार पेनल्टी कॉर्नर हासिल हुए, जिन्हें श्रीजेश और अमित रोहिदास की अगुआई में भारतीय डिफेंडरों ने अच्छी तरह बचा लिया। तीसरे क्वार्टर के आखिरी मिनट में न्यूजीलैंड को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन श्रीजेश एक बार फिर भारत के लिए चीन की दीवार साबित हुए।

न्यूजीलैंड को आखरी हाफ के 52वें मिनट में लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले और तीसरे पर रिबाउंड में चाइल्ड ने बराबरी का गोल कर भारतीय खेमे को सकते में ला दिया। अब तक 307 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके चाइल्ड का यह 147वां गोल था। इसके बाद भारत को 59वें मिनट में जवाबी हमले पर पेनल्टी स्ट्रोक मिला जिसे हरमनप्रीत ने गोल में बदला और भारत को जीत का स्वाद चखाया।

 

Leave a comment
 

Latest News