क्या धोनी खरीदना चाहते हैं CSK में हिस्सेदारी? फ्रेंचाइजी ने दिया बड़ा अपडेट

MS Dhoni CSK Stake को लेकर चल रही खबरों पर CSK ने सफाई दी है। फ्रेंचाइजी के मुताबिक धोनी ने टीम में हिस्सेदारी खरीदने की मांग नहीं की है और वह पहले से शेयरधारक

महेंद्र सिंह धोनी इस समय अमेरिका में हैं और रिपोर्ट्स के मुताबिक वह करीब 22 सितंबर के आसपास भारत लौटेंगे। इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) IPL 2027 के ऑक्शन को लेकर ट्रांसफर और ट्रेड से जुड़े मामलों पर बैठक कर सकती है।

MS Dhoni CSK Stake: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और उसके पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को लेकर हाल में सामने आई एक रिपोर्ट ने क्रिकेट जगत में चर्चा बढ़ा दी थी। दावा किया गया था कि धोनी आईपीएल फ्रेंचाइजी में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने या नए शेयर खरीदने में रुचि रखते हैं। हालांकि, अब CSK के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा है कि फ्रेंचाइजी और धोनी के बीच इस मुद्दे पर कोई बातचीत नहीं हुई है।

धोनी फिलहाल अमेरिका में हैं और रिपोर्ट्स के मुताबिक करीब 22 सितंबर के आसपास भारत लौट सकते हैं। उनके वापस आने के बाद CSK प्रबंधन IPL 2027 की तैयारियों को लेकर अहम फैसले कर सकता है। इनमें टीम के अगले हेड कोच का चयन और आगामी नीलामी से पहले खिलाड़ियों के ट्रेड व ट्रांसफर पर चर्चा शामिल है।

CSK में हिस्सेदारी खरीदने की खबर पर क्या बोली फ्रेंचाइजी?

धोनी के CSK में हिस्सेदारी खरीदने की खबरों पर फ्रेंचाइजी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने स्थिति स्पष्ट की है। रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारी ने कहा कि धोनी ने इस संबंध में फ्रेंचाइजी से कोई संपर्क नहीं किया और न ही इस विषय पर कोई बातचीत हुई है। अधिकारी के मुताबिक, टीम प्रबंधन को इस बात की जानकारी भी नहीं है कि धोनी ने फ्रेंचाइजी के प्रमुख शेयरधारक एन. श्रीनिवासन से इस संबंध में कोई चर्चा की है या नहीं।

इस बयान के बाद फिलहाल धोनी के CSK में बड़ी हिस्सेदारी हासिल करने की अटकलों पर विराम लगता दिखाई दे रहा है। हालांकि, फ्रेंचाइजी में धोनी की पहले से मौजूद शेयरहोल्डिंग को लेकर रिपोर्ट्स जरूर सामने आती रही हैं।

धोनी के पास पहले से हैं CSK के शेयर

रिपोर्ट के मुताबिक, CSK के कुछ शेयर उस समय खरीदे गए थे जब वे निजी बिक्री के लिए उपलब्ध थे। चूंकि फ्रेंचाइजी के शेयर किसी सार्वजनिक स्टॉक एक्सचेंज पर नियमित रूप से ट्रेड नहीं होते, इसलिए इनमें हिस्सेदारी निजी लेनदेन के जरिए हासिल की जा सकती है। बताया गया है कि धोनी के पास एक लाख से अधिक शेयर हैं। हालांकि, पूरी फ्रेंचाइजी की हिस्सेदारी के मुकाबले यह संख्या अपेक्षाकृत छोटी है। 

CSK में श्रीनिवासन परिवार की हिस्सेदारी 55 प्रतिशत से अधिक बताई जाती है, जिससे उसे फ्रेंचाइजी पर नियंत्रण हासिल है। इसलिए मौजूदा जानकारी के आधार पर धोनी को फ्रेंचाइजी का बड़ा शेयरधारक मानना उचित नहीं होगा।

IPL 2027 में खेलेंगे या नहीं धोनी?

धोनी के भविष्य को लेकर भी क्रिकेट प्रशंसकों के बीच लगातार सवाल बने हुए हैं। उनकी उम्र और पिछले सीजन में मैदान पर उनकी भूमिका को देखते हुए यह चर्चा तेज है कि क्या वह IPL 2027 में CSK की जर्सी में नजर आएंगे या इससे पहले क्रिकेट से पूरी तरह संन्यास ले लेंगे। धोनी की ओर से IPL 2027 में खेलने को लेकर अंतिम फैसला अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। ऐसे में उनके अगले सीजन में खेलने की संभावना को लेकर किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

नए हेड कोच के चयन में धोनी की भूमिका अहम

CSK के अगले हेड कोच को लेकर भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है। टीम प्रबंधन नए कोच के चयन की प्रक्रिया पर काम कर रहा है और इसमें धोनी की राय महत्वपूर्ण मानी जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, CSK एक विदेशी कोच को जिम्मेदारी सौंपने पर विचार कर सकती है। यह भी दावा किया जा रहा है कि एक उम्मीदवार लगभग तय हो चुका है, लेकिन वह फिलहाल किसी दूसरी IPL फ्रेंचाइजी के साथ बातचीत कर रहा है। इसलिए आधिकारिक घोषणा होने तक इस नाम को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

Leave a comment