पुतिन ने ट्रंप को फोन कॉल पर एक घंटे इंतजार कराया, फिर 90 मिनट बातचीत की। यह पहली बार नहीं जब पुतिन ने किसी बड़े नेता को लंबा इंतजार करवाया हो।
Trump-Putin: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बारे में कहा जाता है कि वह जिन नेताओं को खास पसंद नहीं करते, उन्हें मुलाकात या बातचीत से पहले लंबा इंतजार कराते हैं। ऐसा पहले भी कई बार देखा गया है। अब खबरें आ रही हैं कि रूस-यूक्रेन युद्धविराम पर चर्चा के लिए जब अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पुतिन से टेलीफोन पर बात करनी चाही, तो उन्हें करीब एक घंटे तक इंतजार करवाया गया।
एक घंटे की देरी के बाद हुई बातचीत
कई रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रंप को फोन पर बातचीत के लिए एक घंटे का इंतजार करना पड़ा। इसके बाद पुतिन ने उनसे यूक्रेन युद्ध और संभावित सीजफायर को लेकर चर्चा की। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में पुतिन को एक बिजनेस कॉन्फ्रेंस में देखा जा सकता है, जहां कार्यक्रम के होस्ट एलेक्जेंडर शोखिन उन्हें याद दिलाते हैं कि उन्हें ट्रंप से फोन पर बात करनी है। इस पर पुतिन हल्की मुस्कान के साथ कंधे उचकाते हुए मजाक में कहते हैं, "उनकी मत सुनना..." जब शोखिन कहते हैं, "अब देखना होगा कि ट्रंप इस पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं," तो पुतिन जवाब देते हैं, "मैं ट्रंप की नहीं, क्रेमलिन प्रवक्ता दमित्री पेस्कोव की बात कर रहा था।"
90 मिनट तक चली ट्रंप-पुतिन वार्ता
द सन की रिपोर्ट के अनुसार, पुतिन शाम 5 बजे क्रेमलिन पहुंचे, जबकि ट्रंप का कॉल आने का तय समय इससे एक घंटे पहले का था। बावजूद इसके, पुतिन ने ट्रंप से लगभग 90 मिनट तक बातचीत की। इस वार्ता के दौरान रूस-यूक्रेन युद्ध, सीजफायर और ऊर्जा ठिकानों पर हमले रोकने जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
पुतिन का पुराना रिकॉर्ड: अन्य नेताओं को भी कराया इंतजार
यह पहली बार नहीं है जब पुतिन ने किसी राष्ट्राध्यक्ष को लंबा इंतजार कराया हो। 2014 में उन्होंने जर्मनी की पूर्व चांसलर एंजेला मर्केल को 6 घंटे तक इंतजार करवाया था। बैठक का मुद्दा भी तब यूक्रेन ही था। जर्मनी और रूस के बीच उस समय तनावपूर्ण माहौल था, लेकिन पुतिन की कूटनीति के तहत मर्केल को 4 घंटे 15 मिनट तक इंतजार करना पड़ा था।