Columbus

दिल्ली-NCR सहित उत्तर भारत में गर्मी का बढ़ता असर, जानिए आज UP-MP में केसा रहेगा मौसम

दिल्ली-NCR सहित उत्तर भारत में गर्मी का बढ़ता असर, जानिए आज UP-MP में केसा रहेगा मौसम
अंतिम अपडेट: 1 दिन पहले

उत्तर भारत में मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल रहा है। एक ओर दिल्ली और एनसीआर में तापमान सामान्य से कम बना हुआ है, वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड में गर्मी ने दस्तक दे दी हैं।

Weather Update: उत्तर भारत में तेज धूप और गर्मी ने आम जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में सूरज की तपिश से लोग परेशान हैं, हालांकि तेज हवा के कारण तापमान सामान्य से कम बना हुआ है। उत्तर प्रदेश में गर्मी बढ़ रही है, जबकि मध्य प्रदेश में लोगों को कुछ राहत मिली है। राजस्थान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है। वहीं, उत्तराखंड में मौसम साफ रहेगा और तापमान में वृद्धि होने की संभावना हैं।

दिल्ली में तापमान सामान्य से कम

राजधानी दिल्ली में मौसम शुष्क बना हुआ है। सुबह और शाम के समय तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस कम है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा।

वायु गुणवत्ता की बात करें तो केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली का एक्यूआई 135 दर्ज किया गया, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है। विशेषज्ञों का कहना है कि तेज हवाओं के चलते वायु प्रदूषण में भी कमी आई हैं।

यूपी में चढ़ा पारा, गर्मी ने दिखाए तेवर

उत्तर प्रदेश में गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। दिन के समय सूरज की तीखी किरणें लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर रही हैं। कई जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी दिनों में गर्मी और बढ़ने की संभावना है। खासकर 5 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है, जिससे तापमान में और वृद्धि हो सकती हैं।

मध्यप्रदेश में राहत और तपिश दोनों का संगम

मध्यप्रदेश में गर्मी का असर तो दिख रहा है, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण तापमान में थोड़ी राहत भी है। प्रदेश में सर्वाधिक तापमान मंडला में 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान राजगढ़ में 11 डिग्री सेल्सियस रहा। हिल स्टेशन पंचमढ़ी में रात का तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस रहा। उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के कारण तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं जा पाया है।

राजस्थान में हल्की बारिश की संभावना

राजस्थान के दक्षिण-पूर्वी इलाकों में मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, आज से तीन अप्रैल तक बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होने के आसार हैं। उदयपुर और कोटा संभाग में दो अप्रैल को बारिश की संभावना है, जबकि जयपुर और अजमेर में तीन अप्रैल को गरज के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। इससे गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद हैं।

उत्तराखंड में साफ रहेगा मौसम   

उत्तराखंड में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और अगले कुछ दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि हो रही है, जिससे दिन के समय गर्मी का अहसास बढ़ेगा। राज्य में न्यूनतम तापमान अभी भी सामान्य से कम है, जिससे रात में हल्की ठंड का अनुभव हो रहा है। हालांकि, आगामी दिनों में तापमान बढ़ने के आसार हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर भारत में मौसम के मिजाज में तेजी से बदलाव हो रहा है। दिल्ली-एनसीआर में हवाओं के कारण तापमान कम है, लेकिन अन्य राज्यों में गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है। राजस्थान में बारिश की संभावना से लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है, जबकि यूपी और एमपी में गर्मी का असर और बढ़ने की संभावना हैं।

Leave a comment