Haryana Election 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव प्रचार का आज अंतिम दिन, स्टार प्रचारकों और उम्मीदवारों ने झोंकी पूरी ताकत, पढ़े पूरी खबर

Haryana Election 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव प्रचार का आज अंतिम दिन, स्टार प्रचारकों और उम्मीदवारों ने झोंकी पूरी ताकत, पढ़े पूरी खबर
Last Updated: 5 घंटा पहले

चुनाव प्रचार के आखिरी दिन राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है, ताकि मतदाताओं को अपने पक्ष में कर सकें। आज शाम 6 बजे के बाद चुनाव प्रचार आधिकारिक रूप से समाप्त हो जाएगा, जिसके बाद उम्मीदवार और उनके समर्थक डोर-टू-डोर अभियान जारी रख सकते हैं।

चंडीगढ़: हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान आज शाम 6 बजे समाप्त हो जाएगा। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सभी प्रमुख दलों के नेता अपने उम्मीदवारों के समर्थन में जोर-शोर से प्रचार कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज तीन जनसभाओं को संबोधित करेंगे, जहां वे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में समर्थन जुटाने की कोशिश करेंगे। वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी की "विजय संकल्प यात्रा" का आज आखिरी दिन है, जिसमें वे अपने समर्थकों और जनता से संवाद करेंगे। दोनों नेताओं के कार्यक्रमों से आज का दिन चुनावी अभियान का एक महत्वपूर्ण दिन साबित हो सकता हैं।

स्टार प्रचारकों और उम्मीदवारों ने झोंकी पूरी ताकत

चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सभी राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत लगा दी है। बुधवार को विभिन्न दलों के नेताओं, स्टार प्रचारकों, और उम्मीदवारों ने हरियाणा में कई स्थानों पर रैलियों का आयोजन किया और अपने उम्मीदवारों के लिए वोट मांगे। हर दल इस अंतिम चरण में मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है। शाम 6 बजे के बाद चुनाव प्रचार खत्म हो जाएगा, जिसके बाद उम्मीदवार और उनके समर्थक डोर-टू-डोर अभियान के जरिए मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क कर सकते हैं, जो चुनावी रणनीति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता हैं।

आज राहुल गांधी और आतिशी करेगी जनसभा

हरियाणा में आज शाम छह बजे चुनाव प्रचार का शोर समाप्त हो जाएगा और इसके बाद स्टार प्रचारक किसी भी क्षेत्र में नहीं दिखाई देंगे। राहुल गांधी आज नूंह, महेन्द्रगढ़, अटेली, और नारनौल विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार करेंगे। वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी भी हिसार के बरवाला और चरखी दादरी में चुनाव प्रचार करेंगी।

हरियाणा विधानसभा की सभी 90 सीटों पर 5 अक्टूबर को वोटिंग होगी, और चुनाव के नतीजे 8 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। पहले मतदान की तारीख 1 अक्टूबर निर्धारित की गई थी, लेकिन चुनाव आयोग ने इसे बढ़ाकर 5 अक्टूबर कर दिया। सभी दल अपनी-अपनी रणनीतियों के तहत मतदाताओं को आकर्षित करने में जुटे हैं।

चुनावी रैली में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भाजपा पर साधा निशाना

बुधवार को हरियाणा के जुलाना में एक रैली में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भाजपा को सत्ता से बेदखल करने का आह्वान किया। उन्होंने इसे ‘‘दुष्टों, अन्याय और असत्य” के खिलाफ लड़ाई बताते हुए राज्य की भाजपा नीत सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। प्रियंका गांधी ने ओलंपिक पहलवान विनेश फोगाट के पक्ष में आयोजित इस रैली में रोजगार, अग्निवीर सैन्य भर्ती योजना और किसानों के कल्याण जैसे मुद्दों का जिक्र किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ पार्टी ने हर स्तर पर लोगों को ‘‘धोखा” दिया है और कहा, ‘‘कुरुक्षेत्र की लड़ाई और ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ लड़ाई जैसा मौका फिर आ गया है। आज ये आपकी लड़ाई है, जो अन्याय, असत्य और दुष्टों के खिलाफ है। आपको खड़ा होना होगा, अपने अंदर झांकना होगा और देखना होगा कि क्या हो रहा है” इस रैली के जरिए प्रियंका गांधी ने मतदाताओं को जागरूक करने और भाजपा के खिलाफ एकजुट होने के लिए प्रेरित किया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर लगाए आरोप

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हरियाणा के यमुनानगर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर चुनाव के दौरान किए गए वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने हरियाणा के लोगों से विपक्ष के बहकावे में नहीं आने का आग्रह किया और कहा कि यह चुनाव विकास और विनाश में से किसी एक को चुनने का अवसर है। सिंह ने भाजपा द्वारा जनता से किए गए वादों का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने हरियाणा के विकास के लिए 78,000 करोड़ रुपये दिए हैं, जबकि जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब राज्य को केवल 21,564 करोड़ रुपये मिले थे। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने 10 साल में किसानों को केवल 1,158 करोड़ रुपये दिए, जबकि भाजपा ने इस अवधि में 13,276 करोड़ रुपये का समर्थन प्रदान किया।

इसके अलावा राजनाथ सिंह ने यह स्पष्ट किया कि भाजपा के पिछले 10 साल के शासन में हरियाणा में युवाओं को केवल योग्यता के आधार पर नौकरियां दी गई हैं। इस दौरान उन्होंने जनता को यह विश्वास दिलाने का प्रयास किया कि भाजपा उनके विकास के लिए प्रतिबद्ध है और उनकी सरकार ने पिछले वर्षों में राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

Leave a comment