Lalit Modi: भगोड़े ललित मोदी को बड़ा झटका, वनुआतु सरकार ने पासपोर्ट रद्द करने का दिया आदेश, जानिए क्या हैं पूरा मामला

🎧 Listen in Audio
0:00

भारत से फरार चल रहे विवादित कारोबारी ललित मोदी को एक और बड़ा झटका लगा है। वनुआतु सरकार ने उनके नागरिकता दस्तावेजों की समीक्षा के बाद उनका पासपोर्ट रद्द करने का फैसला किया हैं।

नई दिल्ली: भारत से फरार चल रहे विवादित कारोबारी ललित मोदी को एक और बड़ा झटका लगा है। वनुआतु सरकार ने उनके नागरिकता दस्तावेजों की समीक्षा के बाद उनका पासपोर्ट रद्द करने का फैसला किया है। वनुआतु के प्रधानमंत्री जोथम नापत ने नागरिकता आयोग को आदेश दिया है कि मोदी को दिया गया वनुआतु पासपोर्ट तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए।

वनुआतु के प्रमुख समाचार पत्र वनुआतु डेली पोस्ट ने इस मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि भारत समेत कई देशों के दबाव के बाद यह कदम उठाया गया। रिपोर्ट के अनुसार, भारत की उच्चायुक्त नीता भूषण ने अन्य द्वीपीय देशों के साथ मिलकर इस मामले में अहम भूमिका निभाई।

कैसे फंसे ललित मोदी?

वनुआतु सरकार को हाल ही में अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए पता चला कि ललित मोदी भारत में आर्थिक घोटालों और मनी लॉन्ड्रिंग के मामलों में वांछित हैं। रिपोर्ट्स सामने आने के बाद सरकार ने तुरंत उनके नागरिकता दस्तावेजों की समीक्षा शुरू की और पासपोर्ट रद्द करने का निर्णय लिया। वनुआतु डेली पोस्ट ने सोशल मीडिया पर लिखा, "हाल ही में मिले तथ्यों के आधार पर यह कदम उठाया गया है। पूरी जानकारी आगामी रिपोर्ट में प्रकाशित की जाएगी।"

भारतीय पासपोर्ट पहले ही सरेंडर कर चुके हैं मोदी

इससे पहले 7 मार्च 2024 को ललित मोदी ने भारतीय पासपोर्ट सरेंडर करने के लिए आवेदन दिया था, जिसे बाद में भारत के विदेश मंत्रालय ने भी स्वीकार किया। वह 2010 से लंदन में रह रहे हैं और भारत सरकार उन्हें प्रत्यर्पित कराने के प्रयास कर रही है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "ललित मोदी ने लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग में अपना पासपोर्ट जमा करने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। हालांकि, भारत सरकार कानूनी प्रक्रिया के तहत उनके खिलाफ मामला आगे बढ़ाती रहेगी।"

कौन हैं ललित मोदी और क्या हैं आरोप?

ललित मोदी आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) के पूर्व चेयरमैन और बीसीसीआई के पूर्व उपाध्यक्ष रह चुके हैं। उन पर आर्थिक अनियमितताओं, मनी लॉन्ड्रिंग और विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के उल्लंघन जैसे गंभीर आरोप हैं। उनके खिलाफ ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) सहित कई जांच एजेंसियां सक्रिय हैं और भारत सरकार लंबे समय से उन्हें प्रत्यर्पित कराने की कोशिश कर रही हैं।

वनुआतु सरकार द्वारा पासपोर्ट रद्द किए जाने के बाद ललित मोदी की स्थिति और मुश्किल हो सकती है। अब सवाल यह उठता है कि क्या मोदी किसी अन्य देश की नागरिकता लेने की कोशिश करेंगे या उन्हें प्रत्यर्पण की प्रक्रिया का सामना करना पड़ेगा?

Leave a comment