मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किसानों के मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर बोला हमला, कांग्रेस से चार सवालों का मांगा जवाब

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किसानों के मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर बोला हमला, कांग्रेस से चार सवालों का मांगा जवाब
Last Updated: 3 घंटा पहले

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कांग्रेस के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने अपने पोस्ट में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कुछ तीखे सवाल उठाए हैं। सीएम सैनी ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार, प्रशासनिक विफलताओं और जनता से किए गए वादों को पूरा न करने का आरोप लगाया।

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किसानों के मुद्दों को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' पर कांग्रेस से कई सवाल पूछते हुए पार्टी की नीतियों और पिछले कार्यकालों पर सवाल उठाए हैं। सीएम सैनी ने कांग्रेस पर किसानों के मुद्दों को लेकर ढोंग करने का आरोप लगाया और कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में थी, तो किसानों के लिए कोई ठोस काम नहीं किया गया। उन्होंने कांग्रेस की कथनी और करनी में अंतर बताते हुए कई सवाल उठाए।

सीएम सैनी ने कांग्रेस से पूछे ये सवाल

1. हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने हरियाणा को सभी 24 फसलों में न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) देने वाला देश का पहला राज्य बनाया है, क्या कांग्रेस ने अपने साठ-सत्तर साल के शासन में ऐसा किया?

2. सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की किसान सम्मान निधि योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों को सालाना 6,000 रुपये की राशि देना शुरू किया है। कांग्रेस ने अपने इतिहास के सत्तर साल में कभी भी किसानों को नियमित रूप से सालाना कोई राशि दी है?

3. सीएम सैनी ने कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को भी किसानों के मुआवजे के मुद्दे पर घेरते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों को खराबे पर मुआवजा दिया है, जबकि कांग्रेस सरकार के समय किसानों को मात्र 2 रुपये के चेक मिलते थे। उन्होंने हुड्डा पर कटाक्ष करते हुए पूछा कि किसानों को इतने छोटे मुआवजे के चेक देते वक्त उन्हें शर्म क्यों नहीं आई?

4. सैनी ने भूमि अधिग्रहण के मामले में कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार के 10 साल के शासन में किसी ने भी किसानों की जमीन पर बुरी नजर नहीं डाली, जबकि कांग्रेस शासन के दौरान किसानों की जमीनें छीनकर "दामाद जी" को दी गईं। उन्होंने पूछा कि हुड्डा किस मुंह से अब किसानों का सामना कर रहे हैं?

सैनी ने कांग्रेस पर बोला हमला

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर किसानों के मुद्दे को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर तीखा हमला किया है। उन्होंने कहा, "कांग्रेस और उसके CLU (चेंज ऑफ लैंड यूज) गैंग का चाल, चेहरा और चरित्र हरियाणा का एक-एक किसान पहचानता है।" सैनी ने सीधे तौर पर कांग्रेस नेताओं, खासकर राहुल गांधी और भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधा, कहते हुए कि "अगर राहुल गांधी और हुड्डा किसानों से कान पकड़कर सौ बार भी माफी मांगें, तो भी वे अपनी गलतियों से मुक्त नहीं हो पाएंगे।"

सीएम सैनी ने आगे कहा कि किसानों के साथ किए गए छल और उनकी जमीनों की लूट के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है, और इस कारण से किसानों को उनसे कोई उम्मीद नहीं है। उन्होंने भाजपा को ही किसानों के लिए आशा और भरोसे का प्रतीक बताया। सैनी के इस बयान के बाद हरियाणा की राजनीतिक गरमाहट बढ़ गई है, और कांग्रेस के खिलाफ यह हमला आगामी चुनावों में किसानों के मुद्दे को भुनाने का एक बड़ा प्रयास माना जा रहा हैं।

Leave a comment