Politics News: अमेरिका में राहुल गांधी ने की भारत विरोधी इल्हान उमर से मुलाकात; POK की यात्रा पर हुआ था घमासान, जानें कौन हैं इल्हान उमर?

Politics News: अमेरिका में राहुल गांधी ने की भारत विरोधी इल्हान उमर से मुलाकात; POK की यात्रा पर हुआ था घमासान, जानें कौन हैं इल्हान उमर?
Last Updated: 11 सितंबर 2024

भाजपा ने राहुल गांधी की अमेरिकी कांग्रेस सदस्य इल्हान उमर से मुलाकात को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। भाजपा नेता अमित मालवीय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब खुलकर भारत विरोधी तत्वों के साथ काम कर रही है। इल्हान उमर जो अपने भारत विरोधी रुख और पाकिस्तान के समर्थन के लिए जानी जाती हैं, विशेष रूप से पीओके (पाकिस्तान-ऑक्यूपाइड कश्मीर) मुद्दे पर पाकिस्तान का समर्थन कर चुकी हैं।

वॉशिंगटन: राहुल गांधी की अमेरिका यात्रा हाल ही में विवादों में रही है, खासकर उनकी इल्हान उमर के साथ मुलाकात को लेकर। राहुल गांधी ने अमेरिका में रेबर्न हाउस ऑफिस बिल्डिंग में कई अमेरिकी सांसदों से मुलाकात की, जिसमें इल्हान उमर का नाम विशेष रूप से चर्चा में आया। इल्हान उमर का भारत विरोधी रुख और पाकिस्तान के प्रति समर्थन ने उन्हें विवादित बना दिया है। वे अक्सर भारत की नीतियों की आलोचना करती रही हैं और पाकिस्तान के समर्थन में सार्वजनिक बयान देती रही हैं। इस कारण उनके साथ राहुल गांधी की मुलाकात को भारतीय राजनीति में एक संवेदनशील मुद्दा माना जा रहा हैं।

राहुल गांधी की इस बैठक की मेज़बानी कांग्रेसी सांसद ब्रैडली जेम्स शेरमेन ने की। बैठक में अन्य प्रमुख अमेरिकी कांग्रेस सदस्य जैसे जोनाथन जैक्सन, रो खन्ना, राजा कृष्णमूर्ति, बारबरा ली, श्री थानेदार, जीसस जी. चुय गार्सिया, हैंक जॉनसन और जान शाकोवस्की भी शामिल थे। राहुल गांधी की यह अमेरिका यात्रा रविवार को शुरू हुई थी और इसके दौरान उन्होंने अमेरिकी सांसदों के साथ भारत के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। भाजपा और अन्य आलोचकों ने इस यात्रा और खासकर इल्हान उमर के साथ मुलाकात पर प्रश्न उठाया है, यह आरोप लगाते हुए कि कांग्रेस भारत के खिलाफ मोर्चा ले रही हैं।

भारत के खिलाफ काम कर रही है कांग्रेस - बीजेपी

भाजपा ने राहुल गांधी की अमेरिका यात्रा और इल्हान उमर के साथ उनकी मुलाकात पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के आईटी सेल प्रभारी अमित मालवीय ने इस मुलाकात को लेकर आरोप लगाया है कि राहुल गांधी ने इल्हान उमर से मुलाकात की, जो भारत के खिलाफ पाकिस्तान प्रायोजित विरोध की आवाज़ हैं।मालवीय ने उमर को एक कट्टरपंथी इस्लामवादी और स्वतंत्र कश्मीर की समर्थक बताया और कहा कि यह मुलाकात कांग्रेस की भारत विरोधी गतिविधियों को उजागर करती है। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तानी नेता भी ऐसे उग्र तत्वों के साथ देखे जाने को लेकर सतर्क रहेंगे। भाजपा का तर्क है कि कांग्रेस अब खुलेआम भारत के खिलाफ काम कर रही है, जो भारतीय राजनीति में एक संवेदनशील मुद्दा हैं।

कौन हैं इल्हान उमर?

इल्हान उमर अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की सदस्य हैं और भारत विरोधी रुख के लिए जानी जाती हैं। उनकी कई विवादास्पद गतिविधियों और बयानों ने उन्हें भारत के विरोधी नेता के रूप में पेश किया है। उमर ने इमरान खान के कार्यकाल के दौरान गुलाम कश्मीर की यात्रा की, जो भारत के लिए विवादास्पद था। भारत ने उनकी इस यात्रा पर कड़ी आपत्ति जताई थी, और अमेरिका ने बाद में इस मुद्दे से किनारा कर लिया था। इल्हान उमर का जन्म 4 अक्टूबर 1982 को सोमालिया के मोगादिशु में हुआ था। वे मिनेसोटा से सांसद हैं और अपने प्रगतिशील विचारों के लिए पहचानी जाती हैं।

डोनाल्ड ट्रंप है इल्हान उमर के कट्टर विरोधी

इल्हान उमर ने भारत में धार्मिक आजादी पर कई बार सवाल उठाए हैं और भारतीय सरकार की नीतियों की आलोचना की है। उन्होंने अमेरिकी संसद में एक प्रस्ताव भी पेश किया था जिसमें भारत को धार्मिक स्वतंत्रता की चिंताजनक स्थिति वाले देशों में शामिल करने की मांग की गई थी। इस प्रस्ताव के जरिए उन्होंने भारत की धार्मिक स्वतंत्रता की स्थिति को लेकर चिंता जताई थी। इसके अलावा, इल्हान उमर ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमेरिकी संसद में दिए गए भाषण का भी बहिष्कार किया था, जिससे उनकी भारतीय नीतियों और नेताओं के प्रति आलोचनात्मक स्थिति स्पष्ट होती हैं।

डोनाल्ड ट्रंप ने कई मौकों पर इल्हान उमर पर निशाना साधा है। ट्रंप ने इल्हान पर आरोप लगाया था कि उन्होंने अपने सगे भाई से शादी की है, हालांकि यह आरोप बिना ठोस प्रमाण के थे। ट्रंप का इल्हान उमर के साथ विवाद अक्सर सार्वजनिक रूप से चर्चा में रहा है। इल्हान उमर की इजरायल पर विवादित टिप्पणियों के चलते उन्हें अमेरिका की निचली सदन की विदेश मामलों की समिति से बाहर कर दिया गया था, जो उनके राजनीतिक करियर में एक महत्वपूर्ण मोड़ था। इन विवादों के बावजूद इल्हान उमर अपनी राजनीति और विचारधारा के प्रति कट्टर निष्ठा रखती हैं और विभिन्न मुद्दों पर स्पष्ट विचार रखती हैं।

 

 

Leave a comment