Columbus

Pope Francis को अंतिम विदाई! वेटिकन में जुटे भारत और दुनिया के बड़े नेता, राष्ट्रपति मुर्मू ने दी श्रंद्धाजलि 

🎧 Listen in Audio
0:00

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पोप फ्रांसिस को श्रद्धांजलि देने वेटिकन पहुंचीं। अंतिम संस्कार में ट्रंप, जेलेंस्की सहित 54 राष्ट्राध्यक्ष शामिल होंगे। भारत में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित।

Pope Francis: भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को वेटिकन सिटी पहुंचकर पोप फ्रांसिस को श्रद्धांजलि दी। उनके साथ केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, मत्स्य, पशुपालन और डेयरी राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन तथा गोवा विधानसभा के उपाध्यक्ष जोशुआ डी सूजा भी मौजूद थे। राष्ट्रपति मुर्मू दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर वेटिकन पहुंची हैं और पोप के अंतिम संस्कार में भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।

भारत में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित

पोप फ्रांसिस के सम्मान में भारत सरकार ने तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। इस दौरान देशभर में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और किसी भी प्रकार के आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा कि पोप फ्रांसिस को पूरी दुनिया में करुणा और विनम्रता का प्रतीक माना जाता है और भारत उन्हें गहरी श्रद्धांजलि अर्पित करता है।

राहुल गांधी ने नई दिल्ली में दी श्रद्धांजलि

कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी पोप फ्रांसिस को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने नई दिल्ली स्थित एपोस्टोलिक नुंसियचर (पोप के दूतावास) जाकर वहां भारत-नेपाल के प्रतिनिधि आर्कबिशप लियोपोल्डो से मुलाकात की और शोक प्रकट किया।

ट्रंप, जेलेंस्की समेत 54 राष्ट्राध्यक्ष वेटिकन पहुंचे

पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार में भाग लेने के लिए अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर, प्रिंस विलियम, स्पेन के राजा फेलिप और रानी लेटिजिया, अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिली और ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा सहित कई प्रमुख नेता वेटिकन पहुंच चुके हैं। वेटिकन प्रशासन ने बताया कि कुल 164 देशों से प्रतिनिधिमंडल आए हैं, जिनमें 54 राष्ट्राध्यक्ष और 12 शासक शामिल हैं।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, लाखों की भीड़ की उम्मीद

पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार के दौरान वेटिकन और रोम में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। करीब 2,500 पुलिसकर्मी और 1,500 सैनिक तैनात किए गए हैं। इसके अलावा समुद्र तट पर एक सशस्त्र नौसैनिक पोत और आसमान में लड़ाकू विमान अलर्ट पर रखे गए हैं। अनुमान है कि सेंट पीटर्स स्क्वायर में करीब दो लाख लोग और वेटिकन से समाधि स्थल तक के चार किलोमीटर लंबे रास्ते पर तीन लाख से अधिक लोग एकत्र हो सकते हैं।

दुनिया भर में शोक की लहर

88 वर्ष की उम्र में ईस्टर सोमवार को पोप फ्रांसिस का निधन हुआ। उन्हें धार्मिक नेतृत्व के साथ-साथ करुणा और विनम्रता के प्रतीक के रूप में याद किया जा रहा है। उनके निधन से न सिर्फ ईसाई समुदाय, बल्कि पूरी दुनिया में शोक की लहर है।

Leave a comment