Cyclone Dana: चक्रवाती तूफान 'दाना' ओडिशा-बंगाल में मचाएगा भयंकर तबाही, 110 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, पर्यटकों और स्कूल-कॉलेज बंद रखने का आदेश

Cyclone Dana: चक्रवाती तूफान 'दाना' ओडिशा-बंगाल में मचाएगा भयंकर तबाही, 110 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, पर्यटकों और स्कूल-कॉलेज बंद रखने का आदेश
Last Updated: 16 घंटा पहले

चक्रवाती तूफान 'दाना' के प्रभाव से ओडिशा में आज और कल भारी बारिश होने और तेज आंधी चलने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, इस तूफान के कारण 100-120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। तूफान से प्रभावित इलाकों में भारी बारिश के साथ-साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई हैं।

मौसम: पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के गुरुवार तक चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है, जो ओडिशा के तट से टकरा सकता है। इस तूफान के राज्य में गंभीर तबाही मचाने की आशंका है। इसे ध्यान में रखते हुए सरकार ने संभावित प्रभावित जिलों में एहतियातन स्कूल और कॉलेज बंद रखने का आदेश जारी किया है। तूफान के प्रभाव से ओडिशा के कई इलाकों में भारी बारिश और तेज आंधी की संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता हैं।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पूर्वानुमान जारी किया है कि चक्रवाती तूफान "दाना" 24 अक्टूबर तक ओडिशा के तट से टकरा सकता है। इस तूफान से पुरी, भद्रक, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर और कटक जिलों में 100 से 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही भारी बारिश और आंधी-तूफान की आशंका भी जताई गई है, जिससे इन क्षेत्रों में व्यापक असर हो सकता हैं।

कब आएगा तूफान दाना?

मौसम विभाग के अनुसार, 21 अक्टूबर को बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव के क्षेत्र से चक्रवाती तूफान "दाना" का निर्माण हो रहा है, जो ओडिशा के उत्तरी तट से टकरा सकता है। तूफान के उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने से 24 अक्तूबर की सुबह तक इसके ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों से दूर, बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम में पहुंचने की संभावना है। IMD के बयान के अनुसार, यह चक्रवाती तूफान 24 अक्तूबर की रात और 25 अक्तूबर की सुबह के दौरान पुरी और सागर द्वीप के बीच उत्तरी ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों को पार कर सकता है। इस दौरान हवा की गति 100-120 किमी प्रति घंटे हो सकती है, जिससे यह एक गंभीर चक्रवाती तूफान बन जाएगा।

IMD ने इन जिलों में जारी किया अलर्ट

कैबिनेट सचिव टीवी सोमनाथन ने सोमवार को बंगाल की खाड़ी में आने वाले चक्रवाती तूफान की तैयारियों की समीक्षा के लिए राष्ट्रीय संकट प्रबंधन समिति (NCMC) की बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में ओडिशा के कई जिलों, जैसे भद्रक, बालासोर, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, कटक, जगतसिंहपुर, रायगड़ा, गजपति, गंजम, कंधमाल, नयागढ़ और खुदरा के लिए अलर्ट जारी किया गया हैं।

ओडिशा के विशेष राहत आयुक्त (SRC) डीके सिंह ने राज्य का 'शून्य हताहत' का लक्ष्य रेखांकित करते हुए सुनिश्चित किया है कि आपदा के दौरान जान-माल की हानि न हो। ओडिशा और पश्चिम बंगाल दोनों ही राज्य सरकारों ने नियंत्रण कक्ष सक्रिय कर दिए हैं और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। ओडिशा सरकार ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है, और जो मछुआरे पहले से ही समुद्र में हैं, उन्हें जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों पर लौटने का निर्देश दिया गया हैं।

ओडिशा सीएम ने सुरक्षा टीमों को किया तैयार

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने चक्रवात 'दाना' से निपटने के लिए राज्य की तैयारियों पर समीक्षा बैठक के बाद आश्वासन दिया कि सरकार जनहानि को रोकने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा, "घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।" मुख्यमंत्री ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान की गई है और 100% निकासी सुनिश्चित की जाएगी। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), ओडिशा आपदा प्रतिक्रिया बल (ODRAF) और अग्निशामक सेवा की टीमों को तैयार रखा गया हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार स्थिति पर बारीकी से नज़र रख रही है और चक्रवात आश्रयों को सभी बुनियादी ज़रूरतों और आवश्यक वस्तुओं से लैस किया जाएगा। बिजली और पानी की आपूर्ति, टेलीफोन और सड़क संचार की जल्द बहाली के लिए भी चर्चा की गई है। अस्पतालों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उपाय किए जा रहे हैं, और संबंधित विभाग आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी या अधिक कीमत वसूलने की रोकथाम के लिए कड़ी निगरानी रख रहे हैं।

Leave a comment
 

ट्रेंडिंग News