दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अप्रैल की शुरुआत में तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है। दिल्लीवासियों को आने वाले दिनों में तेज धूप और बढ़ती गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 1 अप्रैल के बाद धूप की तपिश और तापमान में और अधिक वृद्धि होने की संभावना है। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के स्तर को भी छू सकता है। हालांकि, कल आंशिक बादल छाने और तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी गति 15 से 35 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री तक रहने की उम्मीद हैं।
उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश और राजस्थान सहित उत्तर भारत के कई जिलों में भी तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो रही है। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना भी बनी हुई हैं।
बढ़ते तापमान से दिल्ली में परेशानी
दिल्ली में गर्मी का दौर अब और कड़ा होने वाला है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 1 अप्रैल के बाद तापमान में तीव्र वृद्धि देखी जा सकती है। 3 से 7 अप्रैल के बीच अधिकतम तापमान 38 से 41 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। 30 और 31 मार्च को अधिकतम तापमान 34 से 37 डिग्री रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री तक रहेगा।
अप्रैल के पहले सप्ताह में गर्मी और भी तीव्र हो सकती है। 1 और 2 अप्रैल को तापमान 36 से 38 डिग्री तक पहुंच सकता है। निजी मौसम एजेंसियों का भी अनुमान है कि 3 और 4 अप्रैल को अधिकतम तापमान 38 से 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 से 26 डिग्री के बीच रहेगा। 5 से 7 अप्रैल के बीच तापमान 40 से 41 डिग्री तक पहुंच सकता हैं।
राजस्थान में तापमान में गिरावट
दिल्ली-एनसीआर में जहां गर्मी बढ़ रही है, वहीं राजस्थान में तापमान में गिरावट देखी जा रही है। जयपुर स्थित मौसम केंद्र ने बताया कि उत्तरी हवाओं के प्रभाव से अगले 48 घंटों में तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है। आगामी सप्ताह में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा, लेकिन सतही हवाएं 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी।
कश्मीर में बर्फबारी और बारिश का दौर
कश्मीर में मौसम का मिजाज बिल्कुल अलग है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण पिछले कुछ दिनों से कश्मीर में बादल छाए हुए हैं। गुलमर्ग सहित ऊपरी इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी भी हो रही है। श्रीनगर में भी रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। आईएमडी ने आज, शनिवार को भी बर्फबारी और बारिश की चेतावनी दी हैं।
हीटवेव का अलर्ट
दक्षिण भारत के कई राज्यों में हीटवेव का खतरा मंडरा रहा है। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, ओडिशा और गुजरात में पिछले कुछ दिनों से तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। ओडिशा में तापमान 42 डिग्री के पार पहुंच चुका है, जो सामान्य से 4-5 डिग्री अधिक है। आईएमडी ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में इन राज्यों में गर्मी का प्रकोप और बढ़ सकता हैं।