उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है, खासकर दिल्ली-एनसीआर में। हाल ही में हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई है, और मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक पहुंच सकता है। इस ठंडी लहर के चलते लोग सर्दी से बचने के लिए तैयारी कर रहे हैं।
मौसम: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे देश में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई है, जिसका असर मैदानी इलाकों पर भी पड़ रहा है। दिल्ली-एनसीआर में रविवार देर शाम सीजन की पहली बारिश हुई, जिसके बाद ठंड में अचानक वृद्धि हुई। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में दिल्ली समेत उत्तर भारत में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री के आसपास जा सकता है, जिससे सर्दी बढ़ेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों में मौसम ठंडा रहेगा। खासकर, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती हैं।
दिल्ली-एनसीआर में ठंड प्रकोप
दिल्ली में रविवार को सीजन की पहली बारिश के बाद ठंड में बढ़ोतरी हुई है, और अब मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में राजधानी में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक गिर सकता है, जिससे कड़ाके की ठंड का एहसास होगा। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना है, जबकि मैदानी इलाकों में हल्की बारिश के साथ ठंड का प्रभाव बढ़ेगा और पारे में गिरावट देखी जाएगी।
दिल्ली के कुछ इलाकों में रविवार को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री तक पहुंच गया था, जबकि नोएडा में तापमान 7 से 8 डिग्री के बीच था। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण कोहरे और पारे में गिरावट होने से अगले कुछ दिनों में लोगों को ठंड का और अधिक एहसास होगा। इसके अलावा, रात के समय कोहरे का असर बढ़ने के कारण सर्दी महसूस होने लगेगी और लोगों को खासतौर पर सुबह और शाम के समय ठंड का सामना करना पड़ेगा।
झारखंड में हुई बारिश
झारखंड के कई हिस्सों में सोमवार को बादल छाए रहे और रुक-रुक कर हल्की बारिश होती रही, जिसके कारण न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद के अनुसार आज (मंगलवार) से मौसम में सुधार की उम्मीद है और सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना जताई गई है। उन्होंने यह भी बताया कि अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड में और इजाफा होगा।
हिमाचल प्रदेश में मौसम की पहली बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला और आसपास के पर्यटक शहरों कुफरी और फागू में रविवार को मौसम की पहली बर्फबारी हुई। इसके अलावा, राज्य के जनजातीय लाहौल और स्पीति जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में भी रुक-रुक कर बर्फबारी हो रही है, जिससे आसपास की घाटियों में ठंड बढ़ गई है। लाहौल में बर्फ की पतली चादर बिछ गई है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और सड़कें फिसलन भरी हो गईं।
मौसम विभाग के अनुसार आज (मंगलवार) मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा और बर्फबारी की संभावना है। इसके अलावा, आगामी तीन दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे ठंड और बढ़ सकती हैं।
राजस्थान सहित उत्तर भारत में शीतलहर का अलर्ट
राजस्थान के कई हिस्सों में इस समय अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी हवाओं के असर से तापमान में यह गिरावट आई है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, बीकानेर और श्रीगंगानगर जैसे इलाकों में अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट देखी गई है। आगामी दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में शीतलहर की संभावना जताई गई हैं।
मौसम विभाग ने आज से राजस्थान में सर्दी बढ़ने की आशंका जताई है, और अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की उम्मीद है। इसके बाद तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। न्यूनतम तापमान में गिरावट को देखते हुए, अगले चार-पांच दिनों के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया हैं।