आठवें वेतन आयोग ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए प्रश्नावली भरने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 31 मार्च 2026 कर दी है। सुझाव सीधे वेतन, भत्ते और पेंशन संरचना को प्रभावित कर सकते हैं।
बिज़नेस न्यूज़: अखिरकार आठवें वेतन आयोग (8th Pay Commission) ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए बड़ा अपडेट जारी किया है। आयोग ने अपनी अहम प्रश्नावली (8th Pay Commission Questionnaire) भरने की अंतिम तारीख बढ़ाकर अब 31 मार्च 2026 कर दी है। पहले यह डेडलाइन 16 मार्च थी, लेकिन अब कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को सैलरी, भत्तों और पेंशन से जुड़े सुझाव देने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है। यह सवाल जवाब प्रक्रिया सीधे आपकी सैलरी और पेंशन संरचना पर असर डाल सकती है, इसलिए इसे नजरअंदाज करना समझदारी नहीं होगी।
प्रश्नावली में क्या मांगे गए सुझाव
आठवें वेतन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर 18 सवालों वाली प्रश्नावली उपलब्ध कराई गई है। इसमें वेतन, भत्ते, पेंशन और नौकरी की शर्तों में बदलाव से जुड़े सुझाव मांगे गए हैं। आयोग ने विशेष रूप से केंद्रीय कर्मचारियों, पेंशनर्स, यूनियनों और अन्य स्टेकहोल्डर्स से राय लेने का लक्ष्य रखा है। जो सुझाव अभी दिए जाएंगे, वही आगे चलकर वेतन स्ट्रक्चर और पेंशन योजनाओं में बदलाव का आधार बन सकते हैं।
प्रश्नावली में शामिल सवाल आम कर्मचारी और पेंशनर्स की रोजमर्रा की जरूरतों और वित्तीय सुरक्षा को ध्यान में रखकर बनाए गए हैं। इसमें भत्तों के प्रकार, सैलरी ग्रेड, पेंशन की राशि, नौकरी की शर्तें और अन्य सुविधाओं के बारे में राय मांगी गई है।
आयोग और सदस्यों का परिचय
आयोग में चेयरपर्सन जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई शामिल हैं। साथ ही पार्ट-टाइम मेंबर प्रो. पुलक घोष और मेंबर सेक्रेटरी पंकज जैन इस प्रक्रिया में सक्रिय हैं। आयोग ने नवंबर 2025 में टर्म ऑफ रेफरेंस (Terms of Reference) प्राप्त किया और इसके बाद काम शुरू किया। आयोग को रिपोर्ट देने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है, लेकिन अभी तक लागू होने की समयसीमा स्पष्ट नहीं है।
आयोग का उद्देश्य है कि केंद्रीय कर्मचारियों, रक्षा कर्मियों, ऑल इंडिया सर्विस, न्यायपालिका और कई अन्य विभागों के वेतन और सुविधाओं की समीक्षा की जाए। यही कारण है कि प्रश्नावली में सुझाव देना बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे भविष्य में वेतन और पेंशन योजनाओं पर सीधा असर पड़ेगा।
कौन-कौन कर सकता है सुझाव
इस प्रक्रिया में केवल केंद्रीय कर्मचारी ही नहीं, बल्कि पेंशनर्स, मंत्रालय, राज्य सरकारें, न्यायिक अधिकारी, यूनियन, शोधकर्ता और आम व्यक्ति भी भाग ले सकते हैं। यह प्रक्रिया पूरी तरह से खुली है और आयोग चाहते हैं कि हर स्तर से राय ली जाए। इसका उद्देश्य यह है कि सुझाव विविध और व्यावहारिक हों, ताकि सैलरी और पेंशन सिस्टम में सुधार संभव हो सके।
कर्मचारियों और फेडरेशन की चिंता
हालांकि इस प्रक्रिया को लेकर कुछ सवाल भी उठाए गए हैं। ऑल इंडिया एनपीएस इंप्लॉईज फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मंजीत सिंह पटेल का कहना है कि यह प्रश्नावली आम कर्मचारियों के लिए ज्यादा उपयोगी नहीं है। उन्होंने कहा कि वेबसाइट पर शब्द सीमा और तकनीकी दिक्कतें हैं, जिससे पूरा सुझाव देना मुश्किल हो रहा है।
डॉ. पटेल ने आयोग से अपील की है कि वेबसाइट को सुधारें ताकि लाखों कर्मचारी और पेंशनर अपनी राय बिना किसी बाधा के दर्ज कर सकें। उन्होंने कहा कि आधी-अधूरी तैयारी के साथ बनाए गए पोर्टल ने कर्मचारियों के लिए समस्या पैदा कर दी है और इसे तुरंत ठीक किया जाना चाहिए।
8th Pay Commission क्यों है महत्वपूर्ण
आठवां वेतन आयोग केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के वेतन, भत्तों और पेंशन की समीक्षा करेगा। इसमें रक्षा कर्मी, ऑल इंडिया सर्विस, न्यायपालिका और अन्य विभागों के कर्मचारियों की सुविधाओं पर भी ध्यान दिया जाएगा। इसका मतलब यह है कि आपके द्वारा दिए गए सुझाव सीधे आपके वेतन, भत्ते और पेंशन की संरचना पर असर डाल सकते हैं।
इस आयोग की रिपोर्ट आने के बाद सैलरी स्ट्रक्चर और पेंशन में बदलाव संभव है। इसलिए जो भी कर्मचारी या पेंशनर इस प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं, उन्हें 31 मार्च 2026 तक अपनी राय दर्ज कराना जरूरी है।











