इटली के पहाड़ी इलाके में लापता हुए अनुभवी पर्वतारोही निकोला इवाल्डो को खोजने में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ने अहम भूमिका निभाई। महीनों तक नाकाम रही तलाश के बाद ड्रोन से ली गई हजारों तस्वीरों का AI विश्लेषण किया गया, जिससे उनका हेलमेट मिला और खोज को निर्णायक दिशा मिली।
Artificial Intelligence Rescue Operation: इटली के कॉटियन आल्प्स क्षेत्र में सितंबर 2024 से लापता अनुभवी पर्वतारोही और ऑर्थोपेडिक सर्जन निकोला इवाल्डो की तलाश जुलाई 2025 में उस समय सफल दिशा में बढ़ी, जब रेस्क्यू टीम ने ड्रोन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक का इस्तेमाल किया। बर्फबारी और खराब मौसम के कारण महीनों तक रुका सर्च ऑपरेशन दोबारा शुरू हुआ। AI सॉफ्टवेयर ने हजारों तस्वीरों का विश्लेषण कर एक अहम सुराग चिन्हित किया, जिसने खोज को आगे बढ़ाने में मदद की और यह दिखाया कि कठिन हालात में तकनीक क्यों जरूरी हो गई है।
जब पहाड़ों में गायब हो गए अनुभवी पर्वतारोही
सितंबर 2024 में इटली के जाने-माने पर्वतारोही और ऑर्थोपेडिक सर्जन निकोला इवाल्डो अकेले पहाड़ों की ओर निकले थे। उन्होंने किसी को यह नहीं बताया कि वे किस रूट पर जा रहे हैं। कई घंटों तक संपर्क न होने पर परिवार और साथियों की चिंता बढ़ी और खोज शुरू हुई।
रेस्क्यू टीम को उनकी कार एक गांव में खड़ी मिली, जिससे अनुमान लगाया गया कि वे कॉटियन आल्प्स की दो मशहूर चोटियों में से किसी एक पर चढ़ने गए होंगे। इसके बाद व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

शुरुआती खोज नाकाम, मौसम बना सबसे बड़ी बाधा
करीब 50 रेस्क्यूकर्मियों ने पैदल पहाड़ी इलाकों में तलाश की। हेलिकॉप्टर से भी कई बार इलाके की जांच हुई, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला। खोज अभियान लगभग एक हफ्ते तक चला, पर नतीजा शून्य रहा।
इसी दौरान सितंबर के आखिर में भारी बर्फबारी शुरू हो गई। खराब मौसम और जोखिम भरे हालात को देखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन को रोकना पड़ा। इसके बाद कई महीनों तक तलाश संभव नहीं हो सकी।
AI और ड्रोन ने बदली तलाश की दिशा
जुलाई 2025 में बर्फ पिघलने के बाद दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू हुआ। इस बार टीम ने ड्रोन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सॉफ्टवेयर का सहारा लिया। ड्रोन से इलाके की 2,600 से ज्यादा हाई-रेजोल्यूशन तस्वीरें ली गईं।
इन तस्वीरों को AI सिस्टम में डाला गया, जिसने कुछ ही घंटों में हर इमेज का बारीकी से विश्लेषण किया। AI ने प्राकृतिक माहौल से अलग दिखने वाली चीजों को चिन्हित किया। इसी दौरान एक तस्वीर में लाल रंग की संदिग्ध वस्तु सामने आई, जो बाद में इवाल्डो का हेलमेट निकली। इसी सुराग के आधार पर आगे खोज की गई और अंततः उनका शव बरामद हुआ।











