स्मार्ट एयरबैग जैकेट एक नई सुरक्षा तकनीक है, जो गिरने के खतरे को पहचानकर तुरंत एक्टिव हो जाती है और शरीर को चोट से बचाती है। सेंसर और स्मार्ट चिप से लैस यह जैकेट खासकर बुजुर्गों के लिए उपयोगी है और वायरलेस चार्जिंग के साथ आसान उपयोग की सुविधा देती है।
Smart Airbag Jacket Technology: नई वियरेबल तकनीक के तहत विकसित यह स्मार्ट जैकेट सेंसर और चिप की मदद से यूजर की मूवमेंट को लगातार मॉनिटर करती है और गिरने की स्थिति में तुरंत एयरबैग की तरह फुलकर सुरक्षा प्रदान करती है। यह इनोवेशन खासतौर पर बुजुर्गों के लिए तैयार किया गया है, ताकि घर या बाहर गिरने से होने वाली गंभीर चोटों को रोका जा सके। कंपनी द्वारा विकसित यह तकनीक सुरक्षा, सुविधा और आत्मनिर्भरता को ध्यान में रखकर डिजाइन की गई है।
कैसे काम करती है स्मार्ट एयरबैग जैकेट
इस एयरबैग जैकेट में एक एडवांस्ड सेंसर बेस्ड सिस्टम और स्मार्ट चिप लगी होती है, जो हर सेकंड हजारों बार शरीर की मूवमेंट और बैलेंस को ट्रैक करती है। जैसे ही सिस्टम को गिरने का अंदेशा होता है, यह तुरंत एक्टिव हो जाता है।
गिरावट का संकेत मिलते ही जैकेट के अंदर मौजूद एयरबैग तेजी से फुल जाता है और शरीर के संवेदनशील हिस्सों को कवर कर लेता है। इससे गिरने के दौरान लगने वाली चोट का असर काफी कम हो जाता है, खासकर सिर, गर्दन और पीठ जैसे हिस्सों पर।
![]()
बुजुर्गों के लिए क्यों है गेमचेंजर
बढ़ती उम्र के साथ शरीर का संतुलन कमजोर होता है और मामूली गिरावट भी गंभीर चोट का कारण बन सकती है। ऐसे में यह स्मार्ट एयरबैग जैकेट बुजुर्गों के लिए सुरक्षा की एक अतिरिक्त परत प्रदान करती है।
यह तकनीक उन परिवारों के लिए भी राहत देती है जिनके बुजुर्ग सदस्य अकेले रहते हैं। अचानक फिसलने या संतुलन बिगड़ने की स्थिति में यह जैकेट तुरंत सक्रिय होकर चोट के खतरे को कम कर देती है, जिससे आत्मनिर्भरता भी बनी रहती है।
चार्जिंग और इस्तेमाल कितना आसान है
इस स्मार्ट जैकेट को काम करने के लिए बैटरी की जरूरत होती है, लेकिन इसे यूजर-फ्रेंडली बनाने के लिए इसमें वायरलेस चार्जिंग का विकल्प दिया गया है। इससे खासकर बुजुर्गों को इसे इस्तेमाल करने में आसानी होती है।
एक बार चार्ज करने के बाद यह लंबे समय तक एक्टिव रह सकती है और लगातार यूजर की गतिविधियों पर नजर रखती है। यह तकनीक Yidiabao Intelligent Technology Company Limited द्वारा विकसित की गई है, जो पहले भी ऐसे सुरक्षा उत्पाद बना चुकी है।










