इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए एक्ट्रेस श्रिया सरन ने अपने फैंस को सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि कोई शख्स उनके नाम का गलत इस्तेमाल करते हुए लोगों से संपर्क कर रहा है। इस तरह की घटना हाल ही में अदिति राव हैदरी के साथ भी सामने आई थी।
Shriya Saran Alert Fans About Scam: दक्षिण भारतीय सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री श्रेय सरन ने हाल ही में सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस को चेतावनी दी है। अभिनेत्री ने खुलासा किया कि उनके नाम पर व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम पर फर्जीवाड़ा किया जा रहा है। उन्होंने फैंस से सावधान रहने और किसी भी संदिग्ध संदेश या कॉल पर विश्वास न करने की अपील की।
इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए चेतावनी
बुधवार को श्रेया सरन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट साझा किया। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा, ये मैं नहीं हूं! यह मेरा नंबर नहीं है। यह घटिया इंसान उन लोगों तक पहुंच रहा है जिनकी मैं कद्र करती हूं और जिनके साथ काम करना चाहूंगी। बहुत अजीब बात है। उन्होंने आगे कहा, “तुम ऐसा करने में अपना समय क्यों बर्बाद कर रहे हो? जाओ, जिंदगी जियो।” इसके जरिए अभिनेत्री ने फर्जीवाड़ा करने वाले को सीधे चेतावनी दी और अपने फैंस से अपील की कि किसी भी तरह के भुगतान या वर्क बुकिंग के मामले में सतर्क रहें।
![]()
श्रेय सरन ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर भी एक स्कैम अलर्ट साझा किया। इसमें उन्होंने बताया कि एक दोस्त ने उन्हें कॉल करके सूचित किया कि कोई उनके नाम का इस्तेमाल कर लोगों को काम का ऑफर दे रहा है। अभिनेत्री ने फैंस से स्पष्ट कहा, “इस फेक नंबर से दूर रहें, किसी भी तरह के वर्क बुकिंग या पेमेंट में शामिल न हों।
अदिति राव हैदरी के साथ भी हुआ था ऐसा फर्जीवाड़ा
श्रेय सरन के नाम पर फर्जीवाड़ा सामने आने से पहले, साउथ इंडियन एक्ट्रेस अदिति राव हैदरी के साथ भी ऐसा ही मामला सामने आया था। अदिति ने सोशल मीडिया पर बताया कि कोई व्यक्ति उनके फोटो का इस्तेमाल करके फर्जी फोटोशूट और वर्क ऑफर भेज रहा था। अदिति ने फैंस से अपील की थी कि यदि कोई संदिग्ध संदेश या कॉल आए, तो किसी भी तरह का कॉन्टैक्ट न करें और तुरंत उनकी टीम को सूचित करें।
आजकल सोशल मीडिया पर फेक प्रोफाइल और धोखाधड़ी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। कई बार जालसाज कलाकारों के नाम का इस्तेमाल कर लोगों को आर्थिक लाभ के लिए फंसाने की कोशिश करते हैं। इसके चलते कलाकार और उनके फैंस दोनों को सतर्क रहने की जरूरत है।











