राजसमंद। नगर परिषद की ठोस कचरा निस्तारण प्रणाली एक बार फिर टेंडर और ठेका प्रक्रियाओं में उलझकर पटरी से उतर गई है। ट्रेचिंग ग्राउंड पर काम रुकने और फर्म के ब्लैकलिस्ट होने के बाद भी कोई स्थायी समाधान सामने नहीं आया है। लंबे समय से ठप पड़ी व्यवस्था के कारण कचरे के ढेर दोबारा जमा होने लगे हैं, जिससे आसपास के क्षेत्रों में बदबू, प्रदूषण और स्थानीय लोगों की नाराज़गी लगातार बढ़ती जा रही है।
राजसमंद नगर परिषद की कचरा निस्तारण परियोजना पिछले कई वर्षों से प्रशासनिक देरी और टेंडर विवादों में उलझी हुई है। 2016 में शुरू किए गए ट्रेचिंग ग्राउंड के संचालन के लिए 2018 में पहला टेंडर जारी हुआ और 2019 में एक फर्म को ठेका मिला, लेकिन कोविड-19 के दौरान काम बाधित हो गया। इसके बाद 2021 में इसी फर्म को 20 साल का नया ठेका दिया गया और 2022 में निस्तारण कार्य शुरू हुआ। फर्म ने पुराने कचरे से आरडीएफ और कम्पोस्ट बनाना शुरू किया, लेकिन आरडीएफ के न उठने से समस्या बढ़ती गई। तकनीकी खराबियों, मशीनरी चोरी और फर्म की लापरवाही के कारण काम कई बार रुका, जिसके बाद नगर परिषद ने फर्म को ब्लैकलिस्ट कर दिया।
वर्तमान स्थिति यह है कि ट्रेचिंग ग्राउंड पर कचरा फिर से ढेर के रूप में जमा हो रहा है और निस्तारण कार्य पूरी तरह ठप है। अधिकारी हर बार नए टेंडर की प्रक्रिया का हवाला देते हैं, जबकि स्थानीय लोगों को दुर्गंध और बढ़ती गंदगी का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से चल रही इस समस्या का स्थायी समाधान अभी भी दूर दिखाई देता है।
वीजीएफ भुगतान अटका, काम पर असर
स्वायत्त शासन विभाग द्वारा तय की गई वैल्यू गैप फंडिंग (VGF) की पहली किस्त लगभग 1.35 करोड़ रुपये अब तक जारी नहीं हुई, जबकि नगर परिषद कई बार पत्राचार कर चुका है। फंडिंग रुकने से फर्म की संचालन क्षमता लगातार प्रभावित हुई और निस्तारण प्रक्रिया ठप होने लगी।
शेड निर्माण रुका, मशीनें भी ठप
![]()
परियोजना के तहत कचरा छंटाई के लिए बड़ा शेड बनाया जाना था, लेकिन फर्म केवल पिलर खड़े कर काम बीच में छोड़ गई। ट्रेचिंग ग्राउंड की चारदीवारी तो दुरुस्त हुई, लेकिन निस्तारण मशीनें खराब पड़ी हैं। वर्तमान में सिर्फ कचरे को समतल करने का काम हो रहा है, जिससे कचरे के ढेर दोबारा उभरते जा रहे हैं।
बढ़ता कचरा, ठप निस्तारण व्यवस्था
राजसमंद शहर से प्रतिदिन करीब 28 टन कचरा ट्रेचिंग ग्राउंड पहुंच रहा है, लेकिन निस्तारण ठप होने से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। गीले कचरे से कम्पोस्ट और सूखे कचरे से आरडीएफ तैयार किया जाता था, मगर सीमेंट कंपनियों की रुचि घटने से आरडीएफ उठ ही नहीं पा रहा है। परिणामस्वरूप ग्राउंड में भारी मात्रा में आरडीएफ का ढेर जमा हो चुका है और व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
ट्रेचिंग ग्राउंड के बाहर भी स्थिति सुधरने के बजाय और खराब हो रही है। फर्म और नगर परिषद कर्मियों की लापरवाही के कारण सड़क किनारे नए कचरा ढेर उभर रहे हैं। कर्मचारियों का दावा है कि स्थानीय लोग कचरा फेंक रहे हैं, लेकिन कचरे की प्रकृति साफ बताती है कि यह परिषद से जुड़े वाहन ही सड़क पर कचरा डाल रहे हैं। इस अव्यवस्था पर अब तक किसी अधिकारी ने ध्यान नहीं दिया।
चौथी बार टेंडर, बदली गई वित्तीय शर्तें
निस्तारण व्यवस्था पटरी पर लाने के लिए नगर परिषद अब चौथी बार टेंडर प्रक्रिया में जुटी है। पिछले तीन प्रयास कड़े नियमों और आर्थिक शर्तों के कारण विफल रहे, क्योंकि कोई भी फर्म आगे आने को तैयार नहीं हुई। नई प्रक्रिया पूरी होने में लगभग दो से ढाई महीने का समय लगने की उम्मीद है और तब तक कचरा प्रबंधन पर अनिश्चितता बनी रहेगी।
इस बार टेंडर शर्तों में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। पहले फर्म को केवल वीजीएफ (Value Gap Funding) दी जाती थी, लेकिन अब उसके साथ कचरा प्रोसेसिंग चार्ज भी जोड़ दिया गया है। अनुमानित रूप से प्रति टन 350 रुपये का भुगतान तय किया जा रहा है, ताकि भविष्य में फर्म को आर्थिक स्थिरता मिल सके और परियोजना ठप होने जैसी स्थिति दोबारा न आए।












