आदित्य धर के निर्देशन में बनी हालिया रिलीज फिल्म ‘धुरंधर’ और अक्षय खन्ना की एक्टिंग की तारीफ करने वाले दर्शकों और एक्टर्स की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में अक्षय के बचपन की दोस्त और एक्ट्रेस तारा शर्मा ने कहा कि उन्होंने फिल्म में कमाल का प्रदर्शन किया है।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘धुरंधर’ इन दिनों लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म को दर्शकों के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री के सितारों से भी जबरदस्त सराहना मिल रही है। खासतौर पर अक्षय खन्ना की दमदार परफॉर्मेंस की हर तरफ चर्चा हो रही है। अब इस कड़ी में उनकी बचपन की दोस्त और एक्ट्रेस तारा शर्मा का नाम भी जुड़ गया है, जिन्होंने सोशल मीडिया पर खुलकर अक्षय खन्ना की तारीफ की है।
तारा शर्मा ने इंस्टाग्राम पर लुटाया प्यार
तारा शर्मा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अक्षय खन्ना के नाम एक भावुक और लंबा पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने उनकी मेहनत, सादगी और अभिनय प्रतिभा की जमकर प्रशंसा की। तारा ने लिखा,
'बहुत-बहुत बधाई अक्षय! हमने अभी तक फिल्म नहीं देखी है, लेकिन हमारा पूरा इंस्टा फीड ‘धुरंधर’ से भरा हुआ है। खासकर वो गाना और आपकी धमाकेदार एंट्री हर जगह छाई हुई है। आपको और पूरी टीम को ढेर सारी शुभकामनाएं!'
उनकी इस पोस्ट के बाद से सोशल मीडिया पर दोनों की दोस्ती और फिल्म की चर्चा और तेज हो गई है।
बचपन की दोस्ती और थिएटर के दिन हुए याद
तारा शर्मा ने अपने पोस्ट में यह भी बताया कि वह और अक्षय खन्ना बचपन से एक-दूसरे को जानते हैं। दोनों ने स्कूल के दिनों में साथ मिलकर कई नाटकों में हिस्सा लिया था। तारा ने लिखा, हम स्कूल के दिनों में साथ स्टेज पर अभिनय करते थे। तभी से मुझे यकीन हो गया था कि आप एक्टिंग में ही अपना करियर बनाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि अक्षय खन्ना बेहद निजी स्वभाव के इंसान हैं और चुपचाप मेहनत करने में विश्वास रखते हैं। आप शायद सबसे प्राइवेट इंसान हैं जिन्हें मैं जानती हूं। आपकी मेहनत आज जिस तरह रंग ला रही है, उसे देखकर मुझे आप पर बहुत गर्व है,” – तारा ने आगे लिखा।

पुरानी तस्वीरें भी कीं शेयर
इस पोस्ट के साथ तारा शर्मा ने अक्षय खन्ना के साथ कुछ पुरानी तस्वीरें भी साझा कीं, जिनमें दोनों अपने स्कूल और शुरुआती दिनों के दोस्तों के साथ नजर आ रहे हैं। इन तस्वीरों को शेयर करते हुए तारा ने लिखा, ये वे तस्वीरें हैं उस दौर की, जब आपके ‘नो फोटो’ ऑरा की शुरुआत भी नहीं हुई थी। गायब रहने वाले अक्षय खन्ना की सोशल मीडिया से दूरी किसी से छिपी नहीं है। इस पर तंज कसते हुए तारा ने मजाकिया अंदाज में लिखा, मुझे पता है आप सोशल मीडिया पर नहीं हैं, फिर भी मैं आपको टैग कर रही हूं।
अपने पोस्ट के अंत में तारा शर्मा ने फिल्म ‘धुरंधर’ की पूरी टीम को भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन और निर्देशक आदित्य धर सहित सभी कलाकारों और तकनीकी टीम के लिए शुभकामनाएं भेजीं। तारा ने लिखा, सबको ढेर सारा प्यार! आगे बढ़ो, ऊपर बढ़ो और किसी की नजर न लगे!
फिल्म ‘धुरंधर’ में अक्षय खन्ना एक बेहद प्रभावशाली और सशक्त किरदार में नजर आ रहे हैं। उनकी एंट्री सीन, डायलॉग डिलीवरी और स्क्रीन प्रेजेंस को दर्शक खासा पसंद कर रहे हैं। फिल्म के गाने और एक्शन सीक्वेंस भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। यही वजह है कि ‘धुरंधर’ लगातार ट्रेंड में बनी हुई है।












