अल्लू सिरीश ने देर रात तेज म्यूजिक की शिकायत की, पुलिस ने दिया कार्रवाई का भरोसा

Allu Sirish Complaint: अभिनेता अल्लू सिरीश ने हैदराबाद के शैकपेट इलाके में देर रात 2-3 बजे तक तेज म्यूजिक बजने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि इससे बुजुर्गों,

प्रोड्यूसर अल्लू अरविंद के छोटे बेटे और अभिनेता अल्लू अर्जुन के भाई अल्लू सिरीश ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए अपनी चिंता जाहिर की। उन्होंने हैदराबाद सिटी पुलिस से देर रात तक हनुमान मंदिर में बजने वाले तेज म्यूजिक को लेकर कार्रवाई करने की मांग की है।

एंटरटेनमेंट न्यूज़: साउथ सिनेमा के अभिनेता अल्लू सिरीश इन दिनों अपनी एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं। अभिनेता ने हैदराबाद में देर रात तक बजने वाले तेज म्यूजिक की शिकायत की है। उनका कहना है कि शेखपेट इलाके में स्थित उनकी रेजिडेंशियल सोसाइटी के आसपास एक हनुमान मंदिर में देर रात तक तेज आवाज में संगीत बजाया जा रहा है। 

सिरीश के मुताबिक, यह आवाज तय डेसिबल सीमा से अधिक है और इसका असर आसपास रहने वाले लोगों पर पड़ रहा है। अभिनेता ने इस मामले में हैदराबाद सिटी पुलिस से हस्तक्षेप करने और उचित कार्रवाई करने की अपील की है।

देर रात 2 से 3 बजे तक बजता है तेज म्यूजिक

अल्लू सिरीश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए अपनी परेशानी सामने रखी। उन्होंने बताया कि वह हैदराबाद के शेखपेट स्थित अपर्णा वन सोसाइटी में रहते हैं। उनके अनुसार, विनोभा नगर इलाके के हनुमान मंदिर में पिछले कुछ दिनों से रात के काफी देर तक तेज आवाज में म्यूजिक बजाया जा रहा है।

अभिनेता ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि संगीत की आवाज रात करीब 2 से 3 बजे तक जारी रहती है। उन्होंने यह भी कहा कि आवाज निर्धारित डेसिबल सीमा से अधिक है। देर रात तक शोर रहने की वजह से सोसाइटी में रहने वाले लोगों की नींद और दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो रही है।

गणेश विसर्जन के बाद भी नहीं रुका शोर

अल्लू सिरीश के मुताबिक, उन्होंने इस समस्या को लेकर पहले ही फिल्म नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, पुलिस की ओर से उन्हें गणेश विसर्जन की गतिविधियों के चलते 25 सितंबर तक इंतजार करने के लिए कहा गया था। अभिनेता ने बताया कि गणेश विसर्जन का कार्यक्रम खत्म होने के बाद भी तेज म्यूजिक बजना बंद नहीं हुआ। 

उनका कहना है कि उनकी सोसाइटी में रहने वाले कई बुजुर्ग, बच्चे और नौकरीपेशा लोग इस समस्या से परेशान हैं। सिरीश ने यह भी दावा किया कि स्थानीय निवासी पहले भी इस संबंध में शिकायत कर चुके हैं, लेकिन उनकी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।

अल्लू सिरीश ने पुलिस से की कार्रवाई की अपील

अपनी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अभिनेता ने हैदराबाद सिटी पुलिस से मामले पर ध्यान देने की अपील की। उन्होंने पुलिस को टैग करते हुए बताया कि स्थानीय स्तर पर शिकायत किए जाने के बावजूद देर रात तेज आवाज का सिलसिला जारी है। सिरीश की पोस्ट सामने आने के बाद हैदराबाद सिटी पुलिस ने भी प्रतिक्रिया दी। 

पुलिस ने अभिनेता को जवाब देते हुए बताया कि उनकी शिकायत को फिल्म नगर के एसएचओ के साथ साझा कर दिया गया है और मामले में जरूरी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई या शिकायत के परिणाम के बारे में तत्काल कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

कौन हैं अल्लू सिरीश?

अल्लू सिरीश तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के जाने-पहचाने अभिनेता हैं। वह फिल्म निर्माता अल्लू अरविंद के छोटे बेटे और अभिनेता अल्लू अर्जुन के भाई हैं। सिरीश ने साल 2013 में तेलुगु फिल्म 'गौरवम' से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने 'कोठा जनता', 'श्रीरस्तु शुभमस्तु', 'ओक्का क्षणम' और 'एबीसीडी: अमेरिकन बॉर्न कन्फ्यूज्ड देसी' जैसी फिल्मों में काम किया। उनकी फिल्मों में अलग-अलग तरह की भूमिकाएं देखने को मिली हैं और उन्होंने तेलुगु के अलावा अन्य दक्षिण भारतीय भाषाओं की फिल्मों में भी अभिनय किया है।

अल्लू सिरीश को 2024 में रिलीज हुई तेलुगु फिल्म 'बडी' में देखा गया था, जिसका निर्देशन सैम एंटोन ने किया था। अभिनेता ने मलयालम सिनेमा में भी काम किया है। उन्होंने फिल्म '1971: बियॉन्ड बॉर्डर्स' से मलयालम फिल्मों में कदम रखा था, जिसमें अभिनेता मोहनलाल मुख्य भूमिका में थे।

Leave a comment