T20 World Cup 2026 से पहले अमेरिकी क्रिकेट को बड़ा झटका लगा है। USA Cricket Team के स्टार बल्लेबाज आरोन जोन्स (Aaron Jones) को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspend) कर दिया है।
स्पोर्ट्स न्यूज़: आईसीसी ने 2023-24 में बारबाडोस में आयोजित बीआईएम10 लीग के दौरान कथित फिक्सिंग के आरोप में अमेरिका के बल्लेबाज आरोन जोन्स को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। जोन्स 2024 में टी20 विश्व कप में डेब्यू करने वाली अमेरिकी टीम का हिस्सा थे, जो सुपर-8 चरण तक पहुंची थी। उन पर आरोप है कि उन्होंने भ्रष्ट प्रस्ताव की जानकारी संबंधित अधिकारियों को नहीं दी और कथित अपराध की जांच में सहयोग नहीं किया।
BIM10 League से जुड़ा है मामला
आईसीसी के अनुसार, यह मामला 2023-24 में बारबाडोस में आयोजित BIM10 League से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि इस लीग के दौरान कथित मैच फिक्सिंग (Match Fixing) से संबंधित एक भ्रष्ट प्रस्ताव की जानकारी आरोन जोन्स को मिली थी, लेकिन उन्होंने इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को नहीं दी। इसके अलावा, जांच प्रक्रिया में सहयोग न करने के भी आरोप लगाए गए हैं।
यह लीग Cricket West Indies (CWI) के अधिकार क्षेत्र में आती है, जबकि आरोपों का एक हिस्सा अंतरराष्ट्रीय मैचों से भी जुड़ा है, जो सीधे ICC Anti-Corruption Code के तहत आता है।
ICC का आधिकारिक बयान
आईसीसी ने आरोन जोन्स के निलंबन को लेकर एक आधिकारिक बयान जारी किया है। बयान में कहा गया, आईसीसी ने अमेरिका के खिलाड़ी आरोन जोन्स पर क्रिकेट वेस्टइंडीज और आईसीसी की भ्रष्टाचार-रोधी संहिता के तहत कुल पांच उल्लंघनों का आरोप लगाया है। इनमें से अधिकांश आरोप 2023-24 BIM10 टूर्नामेंट से संबंधित हैं, जबकि दो आरोप अंतरराष्ट्रीय मैचों से जुड़े हैं।”
आईसीसी ने आगे स्पष्ट किया कि, आरोन जोन्स को तत्काल प्रभाव से सभी प्रकार के क्रिकेट से अस्थायी रूप से निलंबित किया जाता है। उन्हें 28 जनवरी 2026 से 14 दिनों के भीतर इन आरोपों पर अपना जवाब देना होगा। जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक जोन्स किसी भी घरेलू या अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में हिस्सा नहीं ले सकेंगे।
यह निलंबन ऐसे समय में आया है, जब T20 World Cup की तैयारियां जोरों पर हैं। आरोन जोन्स अमेरिका की टी20 टीम के अहम बल्लेबाज माने जाते हैं। उन्होंने T20 World Cup 2024 में अमेरिकी टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया था और टीम को Super-8 Stage तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी।

आरोन जोन्स का इंटरनेशनल करियर
आरोन जोन्स अमेरिका के सबसे अनुभवी बल्लेबाजों में से एक हैं। उनके इंटरनेशनल करियर पर नजर डालें तो:
- वनडे इंटरनेशनल (ODI)
- मैच: 53
- रन: 1664
- टी20 इंटरनेशनल (T20I)
- मैच: 48
- रन: 770
- विकेट: 8
T20 World Cup 2024 में उन्होंने कनाडा के खिलाफ नाबाद 94 रन की शानदार पारी खेली थी, जो उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी मानी जाती है। यह पारी USA क्रिकेट इतिहास की भी सबसे यादगार पारियों में शामिल है। आरोन जोन्स ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला अप्रैल 2025 में कनाडा के खिलाफ खेला था।










