भारतीय क्रिकेट में युवा तेज गेंदबाज अशोक शर्मा (Ashok Sharma) का नाम इस समय चर्चा में है। 23 साल के इस प्रतिभाशाली गेंदबाज ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक ऑल-टाइम रिकॉर्ड अपने नाम किया।
स्पोर्ट्स न्यूज़: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का ऑक्शन 16 दिसंबर को अबू धाबी में संपन्न हो गया। इस बार ऑक्शन में सबसे ज्यादा धनवर्षा भारतीय अनकैप्ड खिलाड़ियों पर देखने को मिली, जिसमें 23 साल के तेज गेंदबाज अशोक शर्मा का नाम भी शामिल है, जिन्हें गुजरात टाइटंस ने अपने स्क्वाड में शामिल किया है।
अशोक को चुनने का सबसे बड़ा कारण उनका घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन है, जिसमें इस बार की सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने ऑल टाइम रिकॉर्ड भी तोड़ा। अशोक इस टूर्नामेंट में राजस्थान की तरफ से खेल रहे थे, जहां उनकी टीम का सफर सुपर लीग स्टेज में समाप्त हो गया।
SMAT 2025 में अशोक शर्मा का रिकॉर्ड प्रदर्शन
अशोक शर्मा ने इस सीजन में राजस्थान की टीम का प्रतिनिधित्व किया। टूर्नामेंट में उन्होंने 10 मैचों में 37.1 ओवर गेंदबाजी करते हुए 22 विकेट अपने नाम किए। उनका गेंदबाजी औसत 15.64 रहा। इस दौरान उन्होंने दो मैचों में चार-चार विकेट लेने की उपलब्धि भी हासिल की। इस प्रदर्शन के साथ ही अशोक शर्मा सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इतिहास में एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए।
इससे पहले यह रिकॉर्ड लुकमान मेरिवाला के नाम था, जिन्होंने 2013-14 सीजन में 21 विकेट लिए थे। अशोक ने इस रिकॉर्ड को तोड़कर अपनी छाप छोड़ी और घरेलू क्रिकेट में अपनी प्रतिभा साबित की।

आईपीएल 2026 ऑक्शन में धूम
आईपीएल 2026 ऑक्शन 16 दिसंबर 2025 को अबू धाबी में संपन्न हुआ। अशोक शर्मा ने अपना नाम 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर रजिस्टर किया था।
इस बार उनके लिए कई फ्रेंचाइजियों ने दिलचस्पी दिखाई। गुजरात टाइटंस, चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स सभी ने उन्हें खरीदने की कोशिश की। अंततः गुजरात टाइटंस ने 90 लाख रुपये की बोली लगाकर अशोक शर्मा को अपनी टीम में शामिल किया।
अशोक शर्मा इससे पहले राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा रहे हैं, लेकिन उन्हें अभी तक आईपीएल डेब्यू का मौका नहीं मिला। आगामी आईपीएल सीजन में उनके प्रदर्शन पर नजर रहेगी क्योंकि वह अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। अशोक शर्मा ने अपने करियर में अब तक फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 4 मैच खेल चुके हैं। इन मैचों में उन्होंने कुल 14 विकेट लिए और उनका औसत 29.71 रहा।













