Asian Games 2026: बिना गेंद खेले सेमीफाइनल में पहुंचा पाकिस्तान, बारिश बनी वजह

Asian Games 2026: पाकिस्तान और हॉन्ग कॉन्ग के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबला लगातार बारिश के कारण बिना एक भी गेंद फेंके रद्द हो गया। बेहतर ICC रैंकिंग के आधार पर

जापान के निशिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले जा रहे एशियाई खेल 2026 के मेंस क्रिकेट के पहले क्वार्टर-फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान ने बिना मैदान पर उतरे ही सेमीफाइनल में जगह बना ली।

स्पोर्ट्स न्यूज़: एशियन गेम्स 2026 में पाकिस्तान की पुरुष क्रिकेट टीम बिना एक भी गेंद खेले सेमीफाइनल में पहुंच गई है। जापान के निशिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में सोमवार, 28 सितंबर को पाकिस्तान और हांगकांग के बीच पुरुष क्रिकेट का पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेला जाना था। हालांकि, लगातार बारिश के कारण मैदान खेलने लायक नहीं हो सका और मुकाबले को बिना टॉस के ही रद्द करना पड़ा। 

टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार, मैच का कोई नतीजा नहीं निकलने पर बेहतर आईसीसी टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग वाली टीम को अगले दौर में प्रवेश दिया जाना था। इसी आधार पर पाकिस्तान ने सेमीफाइनल में जगह बना ली।

बारिश के कारण बिना टॉस रद्द हुआ मुकाबला

पाकिस्तान और हांगकांग के बीच मुकाबले से पहले ही निशिन में बारिश का सिलसिला जारी था। लगातार बारिश और पहले से गीली आउटफील्ड के कारण अंपायरों के सामने मैच शुरू कराना मुश्किल हो गया। काफी इंतजार के बाद भी परिस्थितियों में सुधार नहीं हुआ और अंततः मुकाबले को बिना टॉस के रद्द करने का फैसला लिया गया। आधिकारिक स्कोरकार्ड में भी मुकाबले को ‘अब्दोन’ यानी बिना गेंद खेले रद्द बताया गया है।

इस नतीजे का सीधा फायदा पाकिस्तान को मिला। टीम ने मैदान पर उतरे बिना ही एशियन गेम्स के अंतिम चार में अपनी जगह पक्की कर ली, जबकि हांगकांग का टूर्नामेंट सफर क्वार्टर फाइनल में ही समाप्त हो गया।

आईसीसी रैंकिंग बनी पाकिस्तान के लिए अहम

पाकिस्तान को एशियन गेम्स की पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता में सीधे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश मिला था। भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका को उनकी अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग के आधार पर सीधे अंतिम आठ में जगह दी गई थी। दूसरी ओर, हांगकांग ने ग्रुप चरण में दूसरे स्थान पर रहते हुए क्वार्टर फाइनल का टिकट हासिल किया था।

नॉकआउट मुकाबला बारिश के कारण रद्द होने की स्थिति में टूर्नामेंट के खेलने के नियमों के मुताबिक ऊंची आईसीसी टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग वाली टीम को आगे बढ़ाया जाता है। पाकिस्तान की रैंकिंग हांगकांग से बेहतर होने के कारण उसे सेमीफाइनल में प्रवेश मिला। इसलिए इस मुकाबले में जीत या हार का फैसला मैदान पर नहीं, बल्कि प्रतियोगिता के नियमों के आधार पर हुआ।

पाकिस्तान की तैयारी पर भी पड़ा था बारिश का असर

पाकिस्तान की टीम एशियन गेम्स के लिए कराची में चार दिवसीय ट्रेनिंग कैंप के बाद जापान पहुंची थी। टीम ने जापान की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अभ्यास किया था। हालांकि, निशिन पहुंचने के बाद मौसम ने उसकी तैयारियों को भी प्रभावित किया। टूर्नामेंट से एक दिन पहले पाकिस्तान का ट्रेनिंग सेशन गीली आउटफील्ड के कारण प्रभावित हुआ था।

साहिबजादा फरहान की कप्तानी वाली 15 सदस्यीय पाकिस्तानी टीम में सैम अयूब, अबरार अहमद, हैदर अली और मोहम्मद वसीम जूनियर जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। टीम के मुख्य कोच माइक हेसन हैं। अब पाकिस्तान की नजर सीधे सेमीफाइनल मुकाबले पर होगी।

1 अक्टूबर को होगा पाकिस्तान का सेमीफाइनल

पाकिस्तान का सेमीफाइनल मुकाबला 1 अक्टूबर 2026 को खेला जाएगा। पाकिस्तान का सामना उस क्वार्टर फाइनल के विजेता से होगा, जिसमें बांग्लादेश और मलेशिया आमने-सामने होंगे। यह मुकाबला 29 सितंबर को निर्धारित है। दोनों सेमीफाइनल 1 अक्टूबर को खेले जाने हैं, जबकि कांस्य पदक मुकाबला और फाइनल 3 अक्टूबर को आयोजित होंगे।

Leave a comment