बांग्लादेश हिंसा पर शशि थरूर की दो टूक, कहा- 'पुलिस नहीं तो सेना भेजिए, लेकिन हिंसा हर हाल में रोकी जाए'

बांग्लादेश में जारी हिंसा को लेकर शशि थरूर का सख्त बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, ‘अगर पुलिस काबू न पाए तो सेना भेजिए, लेकिन हिंसा हर हाल में रुकनी चाहिए’।
बांग्लादेश हिंसा पर शशि थरूर की दो टूक, कहा- 'पुलिस नहीं तो सेना भेजिए, लेकिन हिंसा हर हाल में रोकी जाए'

कांग्रेस सांसद और वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने बांग्लादेश में जारी सांप्रदायिक हिंसा और एक हिंदू युवक की मॉब लिंचिंग की कड़ी निंदा करते हुए वहां की मोहम्मद यूनुस सरकार को सख्त शब्दों में जिम्मेदारी निभाने की सलाह दी है। 

नई दिल्ली: कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने बांग्लादेश में एक हिंदू युवक की लिंचिंग की कड़ी निंदा करते हुए मोहम्मद यूनुस सरकार से स्पष्ट शब्दों में कहा है कि देश में हिंसा रोकना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस हालात पर काबू नहीं पा रही है तो सेना का इस्तेमाल किया जाना चाहिए, लेकिन हर हाल में हिंसा रुकनी चाहिए। 

थरूर ने बांग्लादेश में हो रही हिंसक घटनाओं के विरोध में भारत में हुए प्रदर्शनों का उदाहरण देते हुए कहा कि विरोध अहिंसक तरीके से भी किया जा सकता है। उन्होंने इस बात की सराहना की कि भारत में हुए प्रदर्शनों में कहीं भी हिंसा की कोई सूचना नहीं है, जबकि बांग्लादेश में इसी नाम पर बवाल किया जा रहा है।

हिंसा रोकना सरकार की जिम्मेदारी - थरूर 

केरल के तिरुवनंतपुरम से सांसद थरूर ने कहा कि बांग्लादेश में जो घटनाएं सामने आ रही हैं, वे अत्यंत चिंताजनक हैं और केवल बयानबाज़ी या खेद प्रकट करने से समस्या का समाधान नहीं होगा। उन्होंने कहा, सरकार के तौर पर सड़कों पर हो रही हिंसा को रोकना उनकी जिम्मेदारी है। लोगों को सुरक्षित महसूस कराना किसी भी राज्य की बुनियादी जिम्मेदारी होती है।

थरूर की यह प्रतिक्रिया मैमनसिंह जिले में ईशनिंदा के आरोपों के बाद एक हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की कथित मॉब लिंचिंग और उसके बाद शव को जलाए जाने की घटना के संदर्भ में आई है। इस घटना ने न केवल बांग्लादेश, बल्कि भारत में भी व्यापक आक्रोश पैदा किया है। थरूर ने इस घटना को मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन बताया और कहा कि अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं हो सकती।

बांग्लादेश हिंसा पर शशि थरूर की दो टूक, कहा- 'पुलिस नहीं तो सेना भेजिए, लेकिन हिंसा हर हाल में रोकी जाए'

भारत के शांतिपूर्ण प्रदर्शनों का दिया उदाहरण

कांग्रेस सांसद ने बांग्लादेश में हो रही हिंसा की तुलना भारत में इस घटना के विरोध में हुए प्रदर्शनों से की। उन्होंने कहा कि भारत में लोगों ने लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी नाराजगी जाहिर की है। थरूर बोले, भारत में भी कुछ समूहों ने विरोध प्रदर्शन किए हैं। यह उनका लोकतांत्रिक अधिकार है। लेकिन कहीं भी हिंसा, लिंचिंग या अराजकता देखने को नहीं मिली।

उन्होंने यह भी कहा कि भारत में यदि कहीं कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्या उत्पन्न होती है, तो पुलिस और प्रशासन उसे संभालने में सक्षम हैं और ऐसा होना भी चाहिए।

अगर पुलिस नहीं कर पा रही, तो सेना भेजिए 

बांग्लादेश सरकार को स्पष्ट संदेश देते हुए थरूर ने कहा कि हिंसा को किसी भी हाल में जारी नहीं रहने दिया जा सकता। उनके शब्दों में, हम बांग्लादेश सरकार से आग्रह करते हैं कि हालात को तुरंत नियंत्रण में लिया जाए। अगर पुलिस ऐसा नहीं कर पा रही है, तो सेना को तैनात किया जाए, लेकिन इस नॉनसेंस को रोका जाए।

बांग्लादेश के प्रमुख सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने दीपू चंद्र दास की हत्या की निंदा की है और दावा किया है कि मामले में कुछ गिरफ्तारियां की गई हैं। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह सवाल उठ रहा है कि क्या ये कदम पर्याप्त हैं और क्या अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था की जा रही है।

Leave a comment