भोपाल में मुस्लिम संगठन ने बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रही कथित हिंसा के खिलाफ प्रदर्शन किया। पुतला दहन कर भारत सरकार से सख्त कदम उठाने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मुद्दा उठाने की मांग की गई।
Madhya Pradesh: बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के खिलाफ हो रही कथित हिंसा और हत्याओं की घटनाओं को लेकर देशभर में चिंता का माहौल है। इसी मुद्दे पर सोमवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के इतवारा इलाके में ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने बांग्लादेश सरकार के खिलाफ नारे लगाए और पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से किया गया, लेकिन लोगों के भीतर का आक्रोश साफ नजर आ रहा था।
यह मानवता से जुड़ा मुद्दा है
ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी के संरक्षक शमशुल हसन ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि बांग्लादेश में जो घटनाएं सामने आ रही हैं, वे बेहद दुखद और चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि यह विरोध केवल औपचारिक नहीं है, बल्कि समाज की गहरी पीड़ा को दर्शाता है।
शमशुल हसन ने कहा, “यह पुतला दहन सिर्फ एक प्रतीक है। हमारे दिलों में जो आग जल रही है, वह बांग्लादेश में हमारे हिंदू भाइयों के साथ हो रहे अत्याचारों को देखकर भड़की है। किसी भी देश में अल्पसंख्यकों पर हिंसा मानवता के खिलाफ अपराध है।” उन्होंने यह भी कहा कि धर्म के नाम पर हिंसा को किसी भी हाल में सही नहीं ठहराया जा सकता और ऐसी घटनाओं की कड़ी निंदा होनी चाहिए।
भारत सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग
प्रदर्शन के दौरान कमेटी के नेताओं ने भारत सरकार से बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों को लेकर कड़े और प्रभावी कदम उठाने की मांग की। उनका कहना था कि यह मुद्दा केवल एक समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानवाधिकारों से जुड़ा गंभीर विषय है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि भारत सरकार इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मजबूती से उठाए और बांग्लादेश सरकार पर दबाव बनाए, ताकि वहां अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
इस मौके पर शांति और आपसी भाईचारे का संदेश भी दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि भारत की पहचान आपसी सौहार्द और विविधता से है, और इसी भावना के साथ पड़ोसी देशों में भी सभी समुदायों की सुरक्षा होनी चाहिए। प्रदर्शन में कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष तनवीर कुरैशी, मीडिया प्रभारी मोहम्मद आरिफ खान, आशिक, दाऊ, नासिर भूरू भाई, आमिर गोल्डन, जाहिद पठान, शानू पठान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।











