बांसवाड़ा के कलिंजरा क्षेत्र में बारातियों से भरी बस पलटने से 3 लोगों की मौत हो गई और 40 से अधिक घायल हुए। हादसा ढलान पर बस के अनियंत्रित होने से हुआ। दूल्हा-दुल्हन सुरक्षित हैं।
Rajasthan: पुलिस के अनुसार यह हादसा शाम करीब 6:30 बजे घोटिया आम्बा के पास हुआ। सीआई योगेश कुमार ने बताया कि सज्जनगढ़ थाना क्षेत्र के खेड़ा वडलीपाड़ा गांव से बारात सनलई गांव गई थी। शादी समारोह के बाद लौटते समय बस एक ढलान पर पहुंची, जहां चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया और वाहन पलट गया।
बताया जा रहा है कि बारात में कुल दो बसें शामिल थीं। आगे चल रही बस सुरक्षित निकल गई, लेकिन पीछे आ रही बस ढलान पर अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में बड़ी संख्या में बाराती सवार थे, जिससे हादसा बेहद गंभीर हो गया।
मौके पर मची चीख-पुकार
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। बस पलटते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को बस से बाहर निकाला गया और एम्बुलेंस तथा निजी वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
![]()
स्थानीय लोगों की तत्परता से कई घायलों को समय रहते चिकित्सा सहायता मिल सकी। पुलिस को भी तुरंत सूचना दी गई, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया।
एसपी पहुंचे अस्पताल
हादसे की जानकारी मिलते ही जिला कलेक्टर डॉ. इन्द्रजीत यादव और पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों की स्थिति का जायजा लिया और अस्पताल प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. यादव ने बताया कि फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त चिकित्सा व्यवस्था भी की गई है। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
दूल्हा-दुल्हन सुरक्षित
सीआई योगेश कुमार ने बताया कि दूल्हा चिमनलाल वारजी गरासिया निवासी संदलाई है। उसकी बारात सज्जनगढ़ थाना क्षेत्र के खेड़ा वडलीपाड़ा गांव गई थी। दूल्हा और दुल्हन कार में सवार थे, इसलिए वे दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं।
हादसे में टीटा सोखा डोडियार, दलू भूरा दामा और एक महिला कमला गरासिया की मौत हो गई है। प्रारंभिक इलाज के बाद बड़ोदिया अस्पताल से करीब 46 घायलों को महात्मा गांधी अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।












