बीच सड़क रिश्ते का खून: पारिवारिक विवाद में मामा की बेरहमी से हत्या

पटना सिटी में 26 वर्षीय युवक ने पारिवारिक विवाद में 62 वर्षीय मामा की बीच सड़क हत्या कर दी। 23 सेकेंड में 10 से अधिक वार, आरोपी गिरफ्तार।

पटना सिटी में 26 वर्षीय युवक ने पारिवारिक विवाद में अपने 62 वर्षीय मामा की बीच सड़क धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना 23 सेकेंड में हुई और सीसीटीवी में कैद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।

Bihar: यह सनसनीखेज वारदात गुरुवार सुबह करीब 10:45 बजे की है। मृतक मोहम्मद रईस (62) बख्शी मोहल्ले स्थित अपने घर से रोज की तरह काम पर जाने के लिए निकले थे। वे पेशे से टेलर थे और इलाके में शांत स्वभाव के व्यक्ति माने जाते थे।

सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, उनके घर से निकलने के कुछ ही देर बाद उनका भांजा मोहम्मद अयाज (26) भी पीछे-पीछे निकला। अयाज के हाथ में चापड़ जैसा धारदार हथियार साफ दिखाई दे रहा था। वह करीब 10 कदम तक मामा के साथ चलता रहा, जैसे सामान्य रूप से कहीं जा रहा हो।

जैसे ही दोनों एक मोड़ के पास पहुंचे, अयाज अचानक आगे बढ़ा और बिना किसी चेतावनी के रईस के गले पर जोरदार वार कर दिया। यह हमला इतना अचानक था कि रईस संभल भी नहीं पाए।

23 सेकेंड में 10 से ज्यादा वार

पहला वार होते ही मोहम्मद रईस सड़क किनारे एक बिजली के पोल के पास गिर पड़े। इसके बाद अयाज ने लगातार कई वार किए। पुलिस के अनुसार, पूरी वारदात महज 23 सेकेंड में पूरी हो गई। इस दौरान आरोपी ने करीब 10 से ज्यादा बार गले और शरीर पर हमला किया। घटना के समय सड़क पर लोग आ-जा रहे थे। वीडियो में साफ दिख रहा है कि राहगीर रुककर घटना देखते रहे, लेकिन किसी ने बीच-बचाव की हिम्मत नहीं की। 

कुछ लोग दूरी बनाकर खड़े रहे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बिल्कुल शांत दिखाई दिया। उसने अपने बाल ठीक किए, हथियार पर लगा खून झटका और आराम से वहां से निकल गया। यह दृश्य लोगों को और भी हैरान कर गया।

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, ताकि साक्ष्य इकट्ठा किए जा सकें।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहम्मद अयाज को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल चापड़ भी बरामद कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पारिवारिक विवाद से नाराज था।

पारिवारिक विवाद बना हत्या की वजह

प्राथमिक पूछताछ में अयाज ने दावा किया कि उसकी पत्नी को मामा के परिवार की ओर से परेशान किया जाता था। इसी बात को लेकर उसके मन में गुस्सा था। उसने बदला लेने की नीयत से इस हत्या की योजना बनाई। हालांकि मृतक के चचेरे भाई मोहम्मद रियाज का कहना है कि रईस का किसी से कोई बड़ा विवाद नहीं था। 

परिवार इस घटना से सदमे में है और उन्हें यकीन नहीं हो रहा कि अपने ही रिश्तेदार ने ऐसी वारदात को अंजाम दिया। पटना सिटी के एसडीपीओ-2 डॉ. गौरव कुमार ने बताया कि मामला पारिवारिक कारणों से जुड़ा प्रतीत होता है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

पहले भी कर चुका है हिंसक हमला

जानकारी के अनुसार, अयाज का व्यवहार पहले भी हिंसक रहा है। सितंबर 2024 में मोबाइल चोरी के विवाद में उसने अपने छोटे भाई पर दाब से हमला किया था। उस मामले में वह जेल गया था और हाल ही में बाहर आया था। परिजनों के मुताबिक, वह नशे का आदी हो गया था और घर में अक्सर विवाद करता था। एक बार उसने अपनी मां पर भी जानलेवा हमला करने की कोशिश की थी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बीच सड़क पर इस तरह की हत्या ने इलाके में डर का माहौल बना दिया है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment