महायुति के सीट बंटवारे का फॉर्मूला अब लगभग तय माना जा रहा है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण के बीच ठाणे स्थित शिंदे के निवास पर करीब पांच घंटे तक चली मैराथन बैठक में शिवसेना-बीजेपी गठबंधन को अंतिम रूप देने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
मुंबई: BMC Election 2026 को लेकर महाराष्ट्र की सियासत में हलचल तेज हो गई है। सत्तारूढ़ महायुति (भाजपा–शिवसेना–राकांपा) के भीतर सीट बंटवारे का फॉर्मूला लगभग तय हो चुका है। शिवसेना और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच लंबे मंथन के बाद सहमति बनने के संकेत मिले हैं। आधिकारिक घोषणा जल्द किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
ठाणे स्थित उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के आवास पर देर रात शुरू हुई मैराथन बैठक सुबह करीब चार बजे तक चली। इस अहम बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण, शिवसेना सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे, सांसद नरेश म्हस्के और पार्टी महासचिव राहुल शेवाळे सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। करीब पांच घंटे चली चर्चा में मुंबई, ठाणे, कल्याण-डोंबिवली समेत पूरे मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) की प्रमुख महानगरपालिकाओं में सीटों के तालमेल पर गहन विचार-विमर्श हुआ।
![]()
महायुति का फॉर्मूला लगभग फाइनल
सूत्रों के मुताबिक, महायुति के घटक दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर मतभेद काफी हद तक सुलझा लिए गए हैं। गठबंधन अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। आने वाले एक-दो दिनों में वार्ड स्तर पर उम्मीदवारों के नामों और स्थानीय समीकरणों पर चर्चा की जाएगी, ताकि जमीनी स्तर पर मजबूत और जीतने योग्य उम्मीदवार उतारे जा सकें।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, विकास कार्यों और प्रशासनिक दक्षता पर भी विस्तार से चर्चा हुई। नेताओं ने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व ने गठबंधन को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती दी है। इसी नेतृत्व को आधार बनाकर बीएमसी समेत अन्य महापालिका चुनावों में जनता के बीच जाने की रणनीति बनाई जा रही है।
स्थानीय निकाय चुनावों से बढ़ा भाजपा का आत्मविश्वास
हाल ही में हुए महाराष्ट्र के नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खुद को राज्य की नंबर-1 पार्टी के रूप में स्थापित किया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की विकासोन्मुख राजनीति और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण की संगठनात्मक क्षमता को इस सफलता का प्रमुख कारण माना जा रहा है।
चुनाव परिणामों के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच “देवेंद्र–रविंद्र” की जोड़ी की चर्चा और मजबूत हुई है। प्रचार के दौरान गूंजा नारा “तुमची आमची भाजपा, सर्वांची भाजपा” (आपकी-हमारी भाजपा, सबकी भाजपा) मतदाताओं के समर्थन में तब्दील होता दिखा।












