सतना जिले के नागौद में भाजपा मंडल अध्यक्ष पुलकित टंडन का एक और वीडियो सामने आया। इसमें वह युवती और उसके परिजनों से हाथापाई करता दिखाई दे रहा है। मामले में संगठन ने उन्हें नोटिस जारी किया।
Madhya Pradesh: 27 जनवरी की रात नागौद में 25 वर्षीय युवती, जो ब्यूटी पार्लर चलाती है, पुलकित टंडन के कर्मचारी आरके उर्फ राजकुमार नामदेव के फोन पर ब्राइडल कस्टमर से मिलने के बहाने गोदाम पहुंची। युवती ने अपनी मां को जानकारी दी थी। जब युवती वहां पहुंची तो देखा कि वहां कोई कस्टमर नहीं था और आरोपी शराब पी रहा था।
युवती गोदाम से लौटने लगी, तभी पुलकित टंडन ने उसका हाथ पकड़ लिया और बदसलूकी पर उतर आए। विरोध करने पर युवती से मारपीट शुरू कर दी।
परिजन पहुंचे तो हुई हाथापाई
काफी देर तक युवती घर नहीं पहुंची, तो उसकी मां और दोनों भाई गोदाम पर पहुंचे। बहन के साथ मारपीट होती देख भाई ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया। यह देख आरोपी और ज्यादा गुस्से में आ गया।
![]()
पुलकित ने भाई का मोबाइल जमीन पर पटक दिया और युवती की मां व भाइयों के साथ हाथापाई करने लगे। किसी तरह परिजन और युवती वहां से निकलकर अस्पताल पहुंचे। उपचार के बाद अगले दिन बुधवार को पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आरोपों में और बढ़ोतरी की संभावना है।
युवती की मां भी भाजपा पदाधिकारी
जो महिला पुलकित टंडन से मारपीट झेल रही थीं, वह युवती की मां और भाजपा नागौद मंडल की पदाधिकारी हैं। भाजपा जिला महामंत्री रमाकांत गौतम ने पुष्टि की कि नया वीडियो सामने आने के बाद संगठन ने मंडल अध्यक्ष को नोटिस जारी किया है।
संगठन ने उन्हें एक सप्ताह के भीतर जिलाध्यक्ष भगवती पांडेय के सामने स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। यह कार्रवाई संगठन की ओर से अनुशासन कायम रखने के उद्देश्य से की गई है।
पहले भी सामने आ चुका था वीडियो
इससे पहले भी पुलकित टंडन का एक वीडियो वायरल हो चुका था, जिसमें वह युवती को दौड़ा-दौड़ाकर पीटते दिख रहे थे। उस मामले में उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
अब नया वीडियो सामने आने के बाद विवाद और बढ़ गया है। पुलकित टंडन की इस हरकत से पार्टी और स्थानीय लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रशासन और पार्टी दोनों मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं।










