भारत–रूस रक्षा वार्ता में एस–400, एस–500 और एसयू–57 जैसे अत्याधुनिक हथियारों पर सहमति के संकेत मिले। राजनाथ सिंह और आंद्रे बेलौसोव की बैठक से दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी और मजबूत हुई, जिससे भारतीय सेना की युद्ध क्षमता बढ़ने की उम्मीद है।
India-Russia Meeting: भारत और रूस के रिश्तों में एक नई मजबूती देखने को मिली है। पुतिन की दो दिवसीय भारत यात्रा के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उनके रूसी समकक्ष आंद्रे बेलौसोव की महत्वपूर्ण बैठक ने दोनों देशों के बीच बड़ी रक्षा डील का रास्ता खोल दिया है। यह वार्ता भारत–रूस रणनीतिक साझेदारी के 25 वर्ष पूरे होने पर केंद्रित है और विशेषज्ञों का कहना है कि एस–400 तथा एसयू–57 जैसे सौदे भारत की सैन्य क्षमता को कई गुना बढ़ा सकते हैं। इन हथियारों के आने से चीन और पाकिस्तान दोनों के लिए बड़ी चुनौती उत्पन्न होगी।
भारत और रूस के बीच महत्वपूर्ण रक्षा वार्ता
गुरुवार को नई दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और आंद्रे बेलौसोव के बीच मैराथन बैठक हुई। इस बैठक में रूस ने भारत को कई अभेद्य और अत्याधुनिक हथियार देने के संकेत दिए। यह वार्ता 23वें भारत–रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन से एक दिन पहले आयोजित हुई, जो इस डील के महत्व को और बढ़ाती है।
बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने रक्षा और रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करने के उपायों पर विस्तृत चर्चा की। भारत ने रूस को सतह से हवा में मार करने वाली एस–400 मिसाइल प्रणाली के अतिरिक्त बैच खरीदने की इच्छा जताई। भारत ने बताया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान एस–400 प्रणालियां अत्यंत प्रभावी साबित हुई थीं, जहां उन्होंने पाकिस्तानी ड्रोन, मिसाइलों और लड़ाकू विमानों को नष्ट कर दुश्मन को पीछे हटने पर मजबूर किया था।
भारत ने रूस को एस–500 मिसाइल प्रणालियां खरीदने की अपनी इच्छा भी बताई। यह प्रणाली 600 किलोमीटर दूर तक बैलिस्टिक मिसाइलों और 400 किलोमीटर दूर तक हवाई लक्ष्यों को नष्ट करने की क्षमता रखती है। इस प्रणाली के जुड़ने से भारतीय रक्षा ढांचा और मजबूत होगा।
भारत को मिल सकता है पांचवीं पीढ़ी का Sukhoi–57 लड़ाकू विमान
![]()
बैठक में रूस ने भारत को पाँचवीं पीढ़ी का स्टील्थ फाइटर विमान एसयू–57 देने की पेशकश की है। यह विमान अमेरिकी एफ–35 का प्रतिद्वंद्वी माना जाता है। इस प्रस्ताव में भारत को पूर्ण प्रौद्योगिकी हस्तांतरण (Technology Transfer) और देश में ही उत्पादन शामिल है।
दुबई एयर शो 2025 के दौरान रोस्टेक के सीईओ सर्गेई चेमेज़ोव ने कहा था कि रूस भारत की सभी तकनीकी मांगों को पूरा करने को तैयार है। इसमें इंजन, रडार, एआई और स्टील्थ तकनीक का हस्तांतरण भी शामिल है। यदि यह डील आगे बढ़ती है तो हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) में इसका उत्पादन 2025 से शुरू हो सकता है।
आंद्रे बेलौसोव ने बैठक में कहा कि रूसी रक्षा उद्योग भारत को रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर संभव सहयोग के लिए तैयार है। इससे दोनों देशों के बीच रक्षा विश्वास और मजबूत होगा।
भारतीय सेना की ताकत कई गुना बढ़ने की तैयारी
बड़ी रक्षा साझेदारी के बाद भारतीय सेना की युद्ध क्षमता कई गुना बढ़ जाएगी। एस–400 के नए बैच, अत्याधुनिक एस–500 और पांचवीं पीढ़ी के स्टील्थ लड़ाकू विमान एसयू–57 के जुड़ने से भारतीय वायुसेना और थलसेना दोनों की ताकत नई ऊंचाइयों को छूएगी।
यह बैठक भारत–रूस अंतर–सरकारी आयोग (IRIGC–M&MTC) के 22वें सत्र के तहत मानेकशॉ सेंटर में आयोजित हुई। इससे पहले दोनों रक्षा मंत्रियों ने नेशनल वॉर मेमोरियल पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
REL0S समझौते ने बढ़ाया सैन्य सहयोग
कुछ दिनों पहले रूस ने रेसिप्रोकल एक्सचेंज ऑफ लॉजिस्टिक सपोर्ट (RELOS) समझौते को मंजूरी दी है। यह समझौता समुद्री और सैन्य अभियानों, संयुक्त अभ्यासों और आपदा राहत में दोनों देशों के बीच लॉजिस्टिक सहयोग को बढ़ाएगा।












