Columbus

भारत-साइप्रस सीईओ फोरम में प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन, कहा- द्विपक्षीय व्यापार 150 मिलियन डॉलर के पार

भारत-साइप्रस सीईओ फोरम में प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन, कहा- द्विपक्षीय व्यापार 150 मिलियन डॉलर के पार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साइप्रस में भारत-साइप्रस सीईओ फोरम को संबोधित किया। आपसी व्यापार 150 मिलियन डॉलर तक पहुंचा। सहयोग के नए क्षेत्रों पर चर्चा हुई।

PM Modi Cyprus Visit: PM नरेंद्र मोदी ने साइप्रस की यात्रा के दौरान स्थानीय समयानुसार रविवार को भारत-साइप्रस सीईओ फोरम को संबोधित किया। उन्होंने भारत की आर्थिक प्रगति और साइप्रस के साथ बढ़ते सहयोग पर जोर दिया। पीएम मोदी ने कहा कि साइप्रस लंबे समय से भारत का भरोसेमंद साझेदार रहा है और वहां से भारत में महत्वपूर्ण निवेश हुआ है। कई भारतीय कंपनियों ने भी साइप्रस में उपस्थिति दर्ज की है। उन्होंने साइप्रस को यूरोप के प्रवेश द्वार के रूप में बताया।

द्विपक्षीय व्यापार 150 मिलियन डॉलर तक पहुंचा

PM मोदी ने कहा कि भारत और साइप्रस के बीच द्विपक्षीय व्यापार 150 मिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया है, लेकिन दोनों देशों के संबंधों में इससे कहीं अधिक क्षमता है। उन्होंने भारत की आर्थिक वृद्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और आने वाले वर्षों में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

भारत की आर्थिक ताकत और स्पष्ट नीति का जिक्र

पीएम ने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती उभरती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है और देश के पास विकास के लिए स्पष्ट नीति है। उन्होंने भारत के नए विनिर्माण मिशन, समुद्री और बंदरगाह विकास, जहाज निर्माण और नागरिक विमानन क्षेत्र जैसे फोकस सेक्टर्स की जानकारी दी।

साइप्रस को UPI नेटवर्क से जोड़ने की पहल

उन्होंने फ्रांस की तरह साइप्रस को भी यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) में शामिल करने की बातचीत का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कई देश इस डिजिटल भुगतान प्रणाली से जुड़े हैं और साइप्रस को भी इसमें जोड़ने पर चर्चा हो रही है।

प्रधानमंत्री ने बताया कि साइप्रस स्टॉक एक्सचेंज और भारत के नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी (GIFT City) में सहयोग करने पर सहमति दी है। इससे दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग और निवेश के अवसर बढ़ेंगे।

यूरोपीय संघ के साथ FTA की प्रतिबद्धता

पीएम मोदी ने कहा कि भारत इस वर्ष के अंत तक यूरोपीय संघ के साथ मुक्त व्यापार समझौता (FTA) करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया हाल ही में ब्रिटेन के साथ हुए एफटीए की बातचीत की सफलता पर आधारित है।

त्रिपक्षीय व्यापार परिषद की स्थापना का स्वागत

प्रधानमंत्री ने भारत, साइप्रस और ग्रीस के बीच व्यापार और निवेश परिषद की स्थापना का स्वागत किया। उन्होंने इसे आर्थिक सहयोग और विकास के लिए एक प्रभावी मंच बताया। पीएम मोदी की यह यात्रा राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलिडेस के निमंत्रण पर हुई। यह 20 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली साइप्रस यात्रा रही, जो दोनों देशों के संबंधों को नई दिशा देने का संकेत है।

Leave a comment