भीलवाड़ा में अवैध बजरी ट्रैक्टर के पीछा कर पुलिसकर्मी चलती ट्रॉली पर चढ़ा, चालक फरार

भीलवाड़ा में अवैध बजरी ट्रैक्टर के पीछा कर पुलिसकर्मी चलती ट्रॉली पर चढ़ा, चालक फरार
AI IMAGE

भीलवाड़ा के तिलक नगर में बजरी से भरे ट्रैक्टर को रोकने के प्रयास में पुलिसकर्मी चलते वाहन पर चढ़ गया। चालक तेज रफ्तार में ट्रैक्टर भगाकर कूदकर फरार हो गया, ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त की गई।

Rajasthan: रविवार शाम भीलवाड़ा शहर के भीमगंज थाना क्षेत्र स्थित तिलक नगर इलाके में अवैध बजरी परिवहन का मामला सामने आया। जानकारी के अनुसार, एक ट्रैक्टर ट्रॉली में बजरी भरकर बिना अनुमति शहर से गुजर रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार डीएसटी टीम के एक हेड कांस्टेबल और एक कॉन्स्टेबल की नजर ट्रैक्टर पर पड़ी।

पुलिसकर्मियों ने ट्रैक्टर को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने पुलिस के संकेतों को अनदेखा करते हुए ट्रैक्टर की रफ्तार और तेज कर दी। चालक के इस रवैये से साफ था कि वह पुलिस कार्रवाई से बचने की कोशिश कर रहा है।

फिल्मी अंदाज में ट्रैक्टर पर चढ़ा पुलिसकर्मी

ट्रैक्टर को रोकने के लिए डीएसटी टीम के पुलिसकर्मियों ने बाइक से उसका पीछा किया। कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद एक पुलिसकर्मी ने साहस दिखाते हुए चलते ट्रैक्टर ट्रॉली पर छलांग लगा दी। यह नजारा किसी फिल्मी सीन जैसा था, जिसे सड़क से गुजर रहे लोगों ने देखा।

पुलिसकर्मी के ट्रैक्टर पर चढ़ते ही चालक और ज्यादा घबरा गया। उसने ट्रैक्टर को तेज गति से भगाते हुए डिवाइडर से टकरा दिया और फिर गलत दिशा में मोड़कर एक खाली प्लॉट और नाले की ओर ले गया।

चलते ट्रैक्टर से कूदकर भागा चालक

कुछ दूर तेज रफ्तार में ट्रैक्टर चलाने के बाद चालक ने अचानक चलते ट्रैक्टर से छलांग लगा दी और गलियों की ओर भाग निकला। चालक को पकड़ने के प्रयास में ट्रैक्टर ट्रॉली पर चढ़ा पुलिसकर्मी भी चलते वाहन से कूद गया।

हालांकि, अंधेरे और संकरी गलियों का फायदा उठाकर चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही भीमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया।

मालिक की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली को जब्त कर चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ट्रैक्टर ट्रॉली पर नंबर प्लेट नहीं होने के कारण पुलिस को चालक और मालिक की पहचान करने में परेशानी हो रही है। इस पूरी घटना को वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है। 

पुलिस अब उस इलाके और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि ट्रैक्टर मालिक और फरार चालक का जल्द पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a comment