भीलवाड़ा में फ्रिज से भरे कंटेनर में लगी भीषण आग, सभी फ्रिज जलकर खाक

भीलवाड़ा में फ्रिज से भरे कंटेनर में लगी भीषण आग, सभी फ्रिज जलकर खाक

भीलवाड़ा में बड़ा हादसा टला, फ्रिज से भरे कंटेनर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग। गैस विस्फोट की आशंका पर कंटेनर को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। डेढ़ घंटे बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।

Rajasthan: घटना भीलवाड़ा शहर के सुभाष नगर थाना क्षेत्र स्थित राम विहार इलाके की है। मंगलवार रात करीब 9 बजे एक कंटेनर इलेक्ट्रॉनिक सामान उतारने के लिए एक गोदाम पर पहुंचा था। कंटेनर में बड़ी संख्या में फ्रिज लदे हुए थे। इसी दौरान कंटेनर ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया।

बिजली लाइन से टकराने के कारण कंटेनर में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने तेज रूप ले लिया। कंटेनर में फ्रिज होने के कारण गैस सिलेंडर फटने की आशंका भी पैदा हो गई, जिससे आसपास के लोगों में डर फैल गया।

फायर ब्रिगेड को आग बुझाने में आई मुश्किल

आग की जानकारी मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने तुरंत आग बुझाने का काम शुरू किया, लेकिन कंटेनर पूरी तरह पैक होने के कारण पानी अंदर तक नहीं पहुंच सका।

इस वजह से आग पर काबू पाना आसान नहीं रहा और आग और ज्यादा भड़कती चली गई। चारों तरफ धुएं का गुबार फैल गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें दूर से भी साफ दिखाई दे रही थीं।

सुरक्षा के लिए कंटेनर हटाया

फ्रिज में भरी गैस के फटने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एहतियातन कदम उठाए। कंटेनर को आबादी क्षेत्र से करीब आधा किलोमीटर दूर एक सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करवाया गया। इसके साथ ही आसपास के रास्तों पर ट्रैफिक भी रोक दिया गया, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।

हालात की गंभीरता को देखते हुए मौके पर जेसीबी मशीन भी मंगवाई गई। जेसीबी की मदद से कंटेनर की बॉडी को कई जगह से तोड़ा गया, जिससे अंदर तक पानी पहुंचाया जा सके।

डेढ़ घंटे बाद आग पर पाया काबू

करीब एक से डेढ़ घंटे तक आग रह-रहकर भड़कती रही। फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई।

हालांकि कंटेनर में लदे सभी फ्रिज पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आग से हुए नुकसान का आकलन अभी नहीं किया जा सका है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली लाइन से संपर्क बताया जा रहा है।

Leave a comment