भिलाई में ज्वेलरी शॉप पर चोरी: महिला ने सोने के टॉप्स चुराए, ‘थोड़ी देर में आती हूं’ कहकर फरार

भिलाई में ज्वेलरी शॉप पर चोरी: महिला ने सोने के टॉप्स चुराए, ‘थोड़ी देर में आती हूं’ कहकर फरार
AI IMAGE

भिलाई के रिसाली क्षेत्र में ज्वेलरी शॉप से महिला ने सोने के टॉप्स चोरी कर लिए। CCTV के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर करीब 45 हजार रुपए के टॉप्स बरामद कर लिए हैं।

Chhattisgarh: दुर्ग जिले के भिलाई शहर में चोरी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। नेवई थाना क्षेत्र के रिसाली इलाके में स्थित उपहार ज्वेलर्स नामक दुकान से एक महिला ग्राहक ने सोने के टॉप्स चोरी कर लिए। यह पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिससे आरोपी की पहचान करना आसान हो गया।

दुकान संचालक सुजल जैन, जो दुर्ग के महावीर कॉलोनी के निवासी हैं, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 17 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 1 बजे एक महिला उनकी दुकान पर आई थी। महिला ने सामान्य ग्राहक की तरह सोने के टॉप्स देखने की इच्छा जताई और काफी देर तक अलग-अलग डिजाइन देखती रही।

दुकानदार के पीछे मुड़ते ही कर ली चोरी

दुकानदार द्वारा जब टॉप्स दिखाए जा रहे थे, तब महिला उन्हें हाथ में लेकर ध्यान से देखने लगी। वह पसंद करने का नाटक करती रही ताकि किसी को शक न हो। इसी दौरान जब दुकानदार कीमत का हिसाब लगाने के लिए कैलकुलेटर लेने पीछे मुड़ा, उसी पल महिला ने चालाकी दिखाते हुए एक जोड़ी सोने के टॉप्स छिपा लिए।

कुछ देर बाद महिला ने कहा कि वह थोड़ी देर में वापस आती है और दुकान से बाहर निकल गई। महिला के जाने के बाद दुकानदार को किसी तरह का संदेह हुआ। उन्होंने तुरंत सोने के डिब्बे का वजन चेक किया, तो एक जोड़ी टॉप्स गायब मिले। चोरी गए टॉप्स का वजन करीब 4 ग्राम था, जिसकी कीमत लगभग 45 हजार रुपए बताई जा रही है।

CCTV फुटेज से खुला मामला

घटना की जानकारी मिलते ही सुजल जैन ने नेवई थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दुकान में लगे CCTV कैमरों की जांच की, जिसमें महिला द्वारा टॉप्स छिपाने की पूरी घटना साफ नजर आई।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध महिला बैगनी रंग की स्कूटी (क्रमांक CG 07 BV 6149) से घूम रही है और चोरी किए गए टॉप्स बेचने की कोशिश कर रही है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संगीता कोठारी (31) नाम की महिला को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान महिला ने चोरी की बात स्वीकार कर ली। वह भिलाई के ग्राम खोला की रहने वाली बताई जा रही है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने के टॉप्स बरामद कर लिए हैं। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी जब्त कर ली गई है।

पुलिस की कार्यवाई 

नेवई थाना पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि महिला इससे पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रही है या नहीं।

पुलिस अधिकारियों ने ज्वेलरी दुकानदारों से अपील की है कि वे ग्राहकों पर नजर बनाए रखें और CCTV कैमरों को हमेशा सक्रिय रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं को समय रहते रोका जा सके।

Leave a comment