प्रतापगढ़ जिले में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। सात वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के मामले में मुठभेड़ के दौरान घायल हुआ आरोपी पुलिस निगरानी में इलाज के दौरान अस्पताल से फरार हो गया। इस गंभीर चूक पर कार्रवाई करते हुए दारोगा सहित चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार पट्टी क्षेत्र में बच्ची से दुष्कर्म के आरोपित जावेद उर्फ चांद बाबू को पुलिस ने पट्टी-चांदा मार्ग पर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी थी। उसे पहले सीएचसी पट्टी में भर्ती कराया गया, जहां से बाद में जिला अस्पताल रेफर किया गया।
इलाज के दौरान बुधवार सुबह आरोपी पुलिस को चकमा देकर अस्पताल से फरार हो गया, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कराई गई।
एसपी के निर्देश पर सुरक्षा में तैनात धना चौकी प्रभारी, एक दारोगा और तीन सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।












