प्रयागराज में करंट से संविदाकर्मी की मौत, तीन अधिकारी निलंबित

प्रयागराज में करंट से संविदाकर्मी की मौत, तीन अधिकारी निलंबित

प्रयागराज में बिजली विभाग की लापरवाही से हुए हादसे के बाद बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। करंट लगने से संविदाकर्मी की मौत के मामले में विभाग ने कार्रवाई करते हुए तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया था।

जानकारी के अनुसार झूंसी क्षेत्र के रहिमापुर गांव निवासी 52 वर्षीय फूलचंद्र पाल बिजली विभाग में संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत थे। वह न्यू झूंसी ग्रामीण फीडर के पास ट्रांसफॉर्मर की मरम्मत का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मामले की जांच के बाद पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के निर्देश पर अधिशासी अभियंता गंगापार, उपखंड अधिकारी (एसडीओ) और अवर अभियंता को निलंबित कर दिया गया। साथ ही सभी को मुख्यालय से संबद्ध कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

अधिकारियों का कहना है कि जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a comment