प्रयागराज जिले में युवक की नृशंस हत्या का मामला सामने आया है। तीन दिनों से लापता युवक का शव खीरी थाना क्षेत्र के चांद खंभरिया गांव स्थित एक कुएं से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान कोरांव नगर पंचायत के वार्ड नंबर आठ निवासी 28 वर्षीय सुशील कुमार उर्फ मुंडे के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सुशील बीते तीन दिनों से घर से लापता था, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले ही दर्ज कराई जा चुकी थी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवक के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की पुष्टि हुई है। बताया जा रहा है कि युवक का एक महिला से प्रेम संबंध था और इसी को लेकर विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद में उसकी हत्या कर शव को छिपाने के लिए कुएं में फेंक दिया गया।
पुलिस ने मामले में एक महिला, उसके पति और बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।











