सतना रेलवे स्टेशन पर दिनदहाड़े बाइक चोरी की कोशिश, पब्लिक ने पकड़कर जीआरपी को सौंपा

सतना रेलवे स्टेशन पर दिनदहाड़े बाइक चोरी की कोशिश, पब्लिक ने पकड़कर जीआरपी को सौंपा
AI IMAGE

सतना रेलवे स्टेशन से बाइक चोरी कर भाग रहे युवक को टैक्सी चालकों की मदद से पकड़ लिया गया। जीआरपी ने आरोपी को गिरफ्तार कर बाइक जब्त कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Madhya Pradesh: सतना रेलवे स्टेशन परिसर में मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बदमाश दिनदहाड़े बाइक चोरी कर फरार होने लगा। घटना स्टेशन की पार्किंग में हुई, जहां रोजाना सैकड़ों वाहन खड़े रहते हैं। चोरी की यह घटना यात्रियों और टैक्सी चालकों के सामने हुई, जिससे बदमाश ज्यादा दूर नहीं जा सका।

जीआरपी चौकी प्रभारी राजेश राज ने बताया कि मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र के भीषमपुर गांव निवासी रामानुज पटेल (42) ड्यूटी के लिए बाइक से रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। उन्होंने अपनी बाइक स्टेशन की पार्किंग में खड़ी की और पास ही खड़े ट्रेवलर में बैठ गए।

मास्टर चाबी से खोला लॉक

इसी दौरान स्टेशन परिसर में घूम रहा एक युवक मौके का फायदा उठाकर बाइक के पास पहुंचा। उसने मास्टर चाबी की मदद से बाइक का लॉक खोला और स्टार्ट कर तेजी से भागने लगा।

जब रामानुज पटेल की नजर अपनी बाइक पर पड़ी तो वह घबराकर चिल्लाने लगे। उनकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद टैक्सी चालक और कुछ अन्य लोग तुरंत हरकत में आ गए। सभी ने मिलकर बाइक चोर का पीछा शुरू कर दिया।

टैक्सी चालकों ने पकड़ा

लगातार पीछा करने के बाद गर्ल्स कॉलेज के पास बदमाश को पकड़ लिया गया। गुस्साए लोगों ने उसे पकड़कर उसकी पिटाई की और तुरंत रेलवे पुलिस (जीआरपी) को सूचना दी। मौके पर पहुंची जीआरपी ने आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया और भीड़ को शांत कराया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अमन वर्मन (27) बताया। वह सतना शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ऊंचवा टोला का रहने वाला है। आरोपी के पास से चोरी की गई बाइक बरामद कर ली गई है, जिसकी कीमत करीब 60 हजार रुपए बताई जा रही है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ बाइक चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहा है या नहीं। मास्टर चाबी का इस्तेमाल कर चोरी करने के तरीके को लेकर भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे स्टेशन और सार्वजनिक स्थानों पर अपने वाहनों को सुरक्षित तरीके से लॉक करें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Leave a comment