छात्रा के पास से एसिड की खाली बोतल मिली। पिता ने पढ़ाई के दबाव की बात स्वीकार की, लेकिन आत्महत्या की आशंका से इनकार किया। कॉलेज प्रशासन ने भी पढ़ाई के तनाव को संभावित कारण बताया है। पुलिस जांच जारी है।
Madhya Pradesh: भोपाल में गांधी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) की एमबीबीएस प्रथम वर्ष की छात्रा रोशनी की मंगलवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह कोहेफिजा क्षेत्र स्थित एक निजी पीजी में रह रही थी।
मंगलवार सुबह जब वह कॉलेज जाने के लिए कमरे से बाहर नहीं आई, तो साथ रहने वाली छात्राओं को शक हुआ। कई बार आवाज देने और फोन करने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पीजी स्टाफ और गार्ड की मदद से कमरे और फिर बाथरूम का दरवाजा तोड़ा गया।
अंदर रोशनी बेसुध हालत में पड़ी थी। उसके पास एसिड की खाली बोतल मिली। तुरंत उसे हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमॉर्टम में एसिड से मौत की पुष्टि
मामले की जांच के बाद पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आया कि रोशनी की मौत एसिड पीने से हुई। डॉक्टरों के अनुसार, एसिड से उसके अंदरूनी अंग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे।
![]()
हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के पीछे की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट होंगी।
पिता ने जताया दुख
आलीराजपुर जिले के अकलवा गांव निवासी रोशनी के पिता वंतर सिंह ने बताया कि उन्हें मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे बेटी की तबीयत खराब होने की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा कि रोशनी पढ़ाई के दबाव में जरूर थी, लेकिन वह हिम्मत वाली लड़की थी।
उसने नीट परीक्षा में 400 से अधिक अंक हासिल किए थे और खुद गांधी मेडिकल कॉलेज में दाखिला लिया था। वह बचपन से डॉक्टर बनना चाहती थी। पिता ने बताया कि रोशनी कुछ दिन पहले घर आई थी और शनिवार को ही उसे भोपाल के लिए रवाना किया गया था। परिवार को उम्मीद थी कि वह मेहनत के दम पर आगे बढ़ेगी।
कॉलेज प्रशासन का बयान
पीजी संचालक करुणा नायर ने बताया कि रोशनी का स्वभाव मिलनसार था और वह सभी से अच्छे से बात करती थी। उन्होंने दावा किया कि उसकी सहेलियों ने बताया था कि वह पिछले दो दिनों से खुदकुशी की बात कर रही थी।
गांधी मेडिकल कॉलेज की डीन कविता एन. सिंह ने भी कहा कि छात्रा पढ़ाई को लेकर तनाव में थी। मोबाइल में परिजनों को भेजे संदेशों से संकेत मिलता है कि उसे पढ़ाई समझने में दिक्कत हो रही थी, जिससे वह परेशान थी। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि रोशनी डे-स्कॉलर थी और अक्टूबर में ही उसका एडमिशन हुआ था।











