Bigg Boss 19: एक्स वाइफ पर कानूनी कार्रवाई करने पर बोले अभिषेक बजाज - ‘लोग मेरी पॉपुलैरिटी का फायदा उठाना चाहते हैं’

Bigg Boss 19: एक्स वाइफ पर कानूनी कार्रवाई करने पर बोले अभिषेक बजाज - ‘लोग मेरी पॉपुलैरिटी का फायदा उठाना चाहते हैं’

बिग बॉस 19 (Bigg Boss 19) धीरे-धीरे अपने फिनाले की ओर बढ़ रहा है, और इसी वजह से घर का माहौल काफी गर्म हो गया है। हर कंटेस्टेंट ट्रॉफी जीतने की अपनी दावेदारी पेश कर रहा है।

एंटरटेनमेंट न्यूज़: रियलिटी शो ‘बिग बॉस 19’ (Bigg Boss 19) के हालिया एपिसोड्स ने न सिर्फ टीवी पर बल्कि सोशल मीडिया पर भी खूब सुर्खियां बटोरी हैं। शो के चर्चित कंटेस्टेंट रहे अभिनेता अभिषेक बजाज (Abhishek Bajaj) के एविक्शन के बाद अब उनकी पर्सनल लाइफ को लेकर मचे बवाल पर खुद एक्टर ने चुप्पी तोड़ दी है।

बिग बॉस के घर से बाहर आने के बाद अभिषेक ने अपनी एक्स-वाइफ आकांक्षा जिंदल (Akanksha Jindal) द्वारा लगाए गए आरोपों पर पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग उनकी लोकप्रियता का गलत फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं।

एक्स-वाइफ ने लगाया था धोखा देने का आरोप

अभिषेक बजाज के शो से बाहर होते ही उनकी पूर्व पत्नी आकांक्षा जिंदल ने मीडिया में यह दावा किया था कि अभिनेता ने शादीशुदा होने के बावजूद उन्हें धोखा दिया। उन्होंने यह भी कहा कि शो में अभिषेक की को-कंटेस्टेंट अशनूर कौर के साथ नजदीकियां बढ़ रही हैं। इन आरोपों ने सोशल मीडिया पर खूब हलचल मचाई। कई यूजर्स ने अभिषेक को ट्रोल किया, वहीं कुछ ने आकांक्षा के समर्थन में बयान दिए। हालांकि अब अभिनेता ने सभी आरोपों को झूठा बताया है।

मीडिया से बात करते हुए अभिषेक बजाज ने कहा कि ये सभी आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं और उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। ये दावे झूठे हैं और पहले भी इस तरह के आरोप लगाए गए हैं। जब मेरी शादी हुई थी तब मैं बहुत यंग था। सच कहूं तो उस वक्त मैं डरा हुआ था। लेकिन जो कुछ हुआ, वो आपसी सहमति से हुआ। अब जब मैं अपने करियर में आगे बढ़ रहा हूं, कुछ लोग पॉपुलैरिटी का फायदा उठाना चाहते हैं।

उन्होंने आगे कहा, मैंने जिंदगी में ऐसे लोगों से दूर रहना सीख लिया है जो सोशल पैरासाइट (Social Parasite) होते हैं — यानी जो दूसरों की प्रसिद्धि पर जीते हैं। मैंने अपनी पहचान बनाने के लिए कड़ी मेहनत की है और आज मैं जहां हूं, वहां तक पहुंचने में सालों लगे हैं। कुछ लोग इस मेहनत का फायदा उठाना चाहते हैं, लेकिन मैं अब उस जाल में नहीं फंसूंगा।

क्या एक्स वाइफ पर लेंगे कानूनी कार्रवाई?

जब अभिषेक से यह सवाल पूछा गया कि क्या वे अपनी एक्स-वाइफ के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे, तो उन्होंने जवाब दिया लोग मेरे साथ हैं। मैं अपनी सफलता पर ज्यादा ध्यान देना पसंद करता हूं। मेरे लिए सफलता ही सबसे बड़ा बदला (Success is the truest form of revenge) है। जो लोग मुझे सच में जानते हैं, वे जानते हैं कि मैं कौन हूं और क्या हूं। मुझे किसी को कुछ साबित करने की जरूरत नहीं।

उनका कहना है कि वे अपने करियर पर फोकस कर रहे हैं और नकारात्मक चीजों से दूर रहना चाहते हैं। शो में अभिषेक को लेकर एक और अफवाह जोरों पर रही — कि वे अभिनेत्री डोनल बिष्ट को डेट कर रहे हैं। इस पर अभिनेता ने कहा कि यह पूरी तरह मनगढ़ंत बात है। डोनल और मैं सिर्फ अच्छे दोस्त हैं। लोग हर रिश्ते में रोमांस खोज लेते हैं, लेकिन हमारी बॉन्डिंग सिर्फ दोस्ती तक सीमित है।

 

Leave a comment