बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण का मतदान समाप्त हो गया है और अब सभी की नजरें 14 नवंबर के चुनाव परिणाम पर टिकी हैं। चुनाव के नतीजे आने से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना के विभिन्न धार्मिक स्थलों का दौरा किया और राज्य में शांति, सद्भाव और विकास की कामना की।
पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान समाप्त होने के एक दिन बाद, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को पटना में विभिन्न धार्मिक स्थलों का दौरा किया। उन्होंने दरगाह, मंदिर और गुरुद्वारे में मत्था टेका और राज्य में शांति एवं सद्भाव की कामना की। सुबह सीएम नीतीश अपने सरकारी आवास से निकले और सबसे पहले पटना हाई कोर्ट परिसर में स्थित मजार पर पहुंचे। वहां उन्होंने पारंपरिक तरीके से चादरपोशी की और राज्य में अमन-चैन की दुआ मांगी।
नीतीश कुमार ने दरगाह, मंदिर और गुरुद्वारे में मत्था टेका
नीतीश कुमार बुधवार सुबह अपने सरकारी आवास से निकले और सबसे पहले पटना हाई कोर्ट परिसर स्थित मजार पहुंचे। वहां उन्होंने पारंपरिक तरीके से चादरपोशी की और राज्य में अमन-चैन की दुआ मांगी। इसके बाद मुख्यमंत्री पटना जंक्शन स्थित प्रसिद्ध महावीर मंदिर गए, जहाँ उन्होंने भगवान हनुमान की पूजा-अर्चना की और प्रसाद चढ़ाया। इसके बाद उन्होंने पटना सिटी के ऐतिहासिक गुरुद्वारे का दौरा किया और मत्था टेका। इस दौरान उनके साथ मंत्री विजय चौधरी, अशोक चौधरी और जेडीयू के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
![]()
नीतीश कुमार के इस धार्मिक दौरे को राजनीतिक विश्लेषक सुभाष पांडे ने “संतुलन की राजनीति” का प्रतीक बताया। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री इस तरह धर्म, संस्कृति और सादगी का संदेश जनता तक पहुंचा रहे हैं।
नीतीश कुमार का संदेश: शांति और सद्भाव
राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि मुख्यमंत्री का यह धार्मिक दौरा जनता को राजनीतिक स्थिरता और भरोसे का संदेश देने के उद्देश्य से किया गया। चुनाव के अंतिम चरण से पहले यह कदम उनके सकारात्मक और संतुलित व्यक्तित्व को प्रदर्शित करता है। नीतीश कुमार ने पत्रकारों से बातचीत में एग्जिट पोल पर सवालों का सीधे उत्तर नहीं दिया। वे मुस्कुराते हुए प्रणाम कर आगे बढ़ गए, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह एग्जिट पोल में अपने गठबंधन की स्थिति से संतुष्ट हैं।
इंडिया टीवी-MATRIZE के एग्जिट पोल के आंकड़ों के अनुसार, भाजपा नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) बिहार में सत्ता में वापसी करने की स्थिति में है। एग्जिट पोल के मुताबिक एनडीए को 147-167 सीटें मिलने की संभावना है। वहीं महागठबंधन को 70-90 सीटें मिलने की उम्मीद है। प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज को 0-2 सीटें मिल सकती हैं। अन्य छोटे दल और निर्दलीय उम्मीदवारों को कुल 2-8 सीटें मिलने की संभावना जताई जा रही है।










