Columbus

Bihar Election 2025: तेजस्वी यादव का बड़ा एलान, जीविका दीदियों और संविदा कर्मियों को मिलेगा सरकारी दर्जा

Bihar Election 2025: तेजस्वी यादव का बड़ा एलान, जीविका दीदियों और संविदा कर्मियों को मिलेगा सरकारी दर्जा

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने छठ महापर्व से पहले जनता को बड़ा तोहफा दिया है। तेजस्वी ने जीविका दीदियों और संविदा कर्मियों को सरकारी कर्मी का दर्जा देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनने पर यह योजनाएं तुरंत लागू की जाएंगी।

पटना: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पोलो रोड स्थित अपने आवास पर प्रेस वार्ता की। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए उन्होंने दो बड़ी घोषणाएं कीं. तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार के लोगों ने बदलाव का मन बना लिया है। लोग गरीबी, महंगाई और बेरोजगारी से परेशान हैं। उन्होंने बताया कि महागठबंधन ने जो संकल्प लिया और जो घोषणाएं कीं, उन्हें नीतीश सरकार ने भी नकल की। तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि आज वे बिहारवासियों के लिए दो बड़ी घोषणाएं करने जा रहे हैं, जिन्हें महागठबंधन की सरकार बनते ही लागू किया जाएगा। उ

जीविका दीदियों को मिलेगा सरकारी दर्जा और लाभ

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की जीविका दीदियों का लंबे समय से शोषण हुआ है, लेकिन उनकी सरकार बनने पर इस अन्याय को समाप्त किया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि:

  • जीविका दीदियों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा मिलेगा।
  • प्रारंभिक वेतन 30,000 रुपये होगा।
  • अतिरिक्त काम के लिए 2,000 रुपये प्रतिमाह भत्ता दिया जाएगा।
  • पहले लिए गए ऋण को ब्याज मुक्त किया जाएगा।
  • सरकार नई योजनाओं के तहत दो साल के लिए ब्याज मुक्त ऋण भी उपलब्ध कराएगी।
  • उनके लिए पांच लाख रुपये तक का बीमा करवाया जाएगा।

तेजस्वी ने कहा कि उनकी सरकार बनने पर यह सभी घोषणाएं तत्काल लागू की जाएंगी और जीविका दीदियों के शोषण को पूरी तरह समाप्त किया जाएगा।

संविदा कर्मियों के लिए बड़ा एलान

तेजस्वी यादव ने संविदा कर्मियों के लिए भी विशेष घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि उर्मिला और बेल्ट्रॉन के माध्यम से राज्य सरकार दो लाख से अधिक संविदा कर्मियों से सेवाएं लेगी। उनके मुख्य बिंदु हैं:

  • बिहार में कार्यरत सभी संविदा कर्मियों को स्थायी किया जाएगा।
  • संविदा कर्मियों को मानसिक, शारीरिक और आर्थिक तनाव से मुक्ति मिलेगी।
  • संविदा कर्मचारियों का वेतन कमीशन और GST कटौती के बजाय सर्वोत्तम लाभ मिलेगा।

MAA योजना की घोषणा

तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी पार्टी पहले ही माई-बहिन मान योजना की घोषणा कर चुकी है। इसके अलावा अब MAA योजना भी लाने जा रही है। MAA का मतलब है:

  • मकान (M)
  • अन्न (A)
  • आमदनी (A)

तेजस्वी ने कहा कि बिहार की हर मां और बहन को यह तीनों सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।

नियोजित शिक्षकों को स्थायी करने की सफलता

तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि उनके पिछले 17 महीने के कार्यकाल में उन्होंने नियोजित शिक्षकों को सरकारी कर्मी का दर्जा दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब राज्य के जितने भी संविदाकर्मी हैं, उन्हें स्थायी किया जाएगा। तेजस्वी ने यह भी कहा कि उनकी सरकार बनने के 20 दिन के अंदर कानून बनाएगी और 20 महीने के अंदर हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी। उनका उद्देश्य बिहार के हर परिवार को सरकार की योजनाओं और लाभों में शामिल करना है।

इस बार राजद ने 143 सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं। तेजस्वी यादव वैशाली जिले की राघोपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे, जो उनका पारंपरिक गढ़ मानी जाती है।

Leave a comment