जगदलपुर में बुजुर्ग दंपति की मौत से हड़कंप मच गया। पति ने पत्नी की धारदार हथियार से हत्या की और फिर आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच में घरेलू विवाद को वजह माना जा रहा है।
Chhattisgarh: यह घटना जगदलपुर के बोधघाट थाना क्षेत्र के बैला बाजार इलाके की है। यहां रहने वाले तारा सिंह (73) अपनी पत्नी विजय (70) और बेटे के साथ रहते थे। मकान के ग्राउंड फ्लोर पर बुजुर्ग दंपति रहते थे, जबकि बेटा ऊपर पहली मंजिल पर रहता था।
परिजनों के अनुसार, विजय लंबे समय से बीमार थी। उसकी देखभाल और इलाज को लेकर घर में अक्सर तनाव बना रहता था। तारा सिंह का स्वभाव भी काफी गुस्सैल बताया जा रहा है। छोटी-छोटी बातों पर पति-पत्नी के बीच विवाद हो जाता था। बीमारी और घरेलू परेशानियों के चलते हालात धीरे-धीरे बिगड़ते चले गए।
रात में हुआ झगड़ा
मंगलवार 3 फरवरी की रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर फिर विवाद हुआ। आवाजें सुनकर उनका बेटा नीचे आया और दोनों को समझाया। बेटे ने किसी तरह झगड़ा शांत कराया और फिर अपने कमरे में चला गया।
परिवार को लगा कि मामला शांत हो गया है, लेकिन रात के बाद के घंटे किसी को अंदाजा नहीं था कि यह विवाद इतना खतरनाक मोड़ ले लेगा। आधी रात के बाद पति-पत्नी के बीच दोबारा कहासुनी शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे हिंसा में बदल गई।
गुस्से में पत्नी की हत्या
![]()
रात करीब दो से ढाई बजे के बीच तारा सिंह ने गुस्से में आकर घर में रखे नारियल काटने वाले धारदार हथियार से अपनी पत्नी के सिर और गले पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से विजय की मौके पर ही मौत हो गई।
पत्नी की हत्या के बाद तारा सिंह ने खुद भी आत्महत्या कर ली। उसने पानी गर्म करने वाले रॉड के तार से फंदा बनाया और चैनल गेट से लटक गया। कुछ ही देर में उसकी भी मौत हो गई। पूरी घटना चुपचाप घर के अंदर होती रही और किसी को भनक तक नहीं लगी।
सुबह बेटे ने देखा खौफनाक मंजर
बुधवार सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच बेटा नीचे अपने माता-पिता के कमरे में गया। दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार आवाज देने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो उसने दरवाजा खोला। अंदर का दृश्य देखकर वह सन्न रह गया। कमरे में मां और पिता दोनों की लाश पड़ी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार, तारा सिंह पहले ट्रक चालक था, लेकिन कुछ समय से घर पर ही रह रहा था। बोधघाट थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद का लग रहा है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और साफ होगी।











