मेवाड़ में अफीम की फसल पर तोतों का हमला, रोजाना लाखों का नुकसान झेल रहे किसान

मेवाड़ के अफीम खेतों में तोतों का हमला जारी। अफीम के डोडों का रस पीने से रोजाना लाखों का नुकसान, किसानों ने बर्ड नेट और अन्य उपाय किए, फिर भी नुकसान जारी।
मेवाड़ में अफीम की फसल पर तोतों का हमला, रोजाना लाखों का नुकसान झेल रहे किसान

मेवाड़ क्षेत्र में अफीम की फसल को तोतों से भारी नुकसान हो रहा है। नशे की लत के कारण तोते डोडों का रस पी रहे हैं। किसान बचाव के उपाय कर रहे हैं, फिर भी रोजाना लाखों का नुकसान हो रहा है।

Rajasthan: मेवाड़ क्षेत्र के अफीम उत्पादक इलाकों में इन दिनों अनोखी लेकिन गंभीर समस्या सामने आई है। खेतों में खड़ी अफीम की फसल पर सैकड़ों की संख्या में तोते हमला कर रहे हैं। किसान बताते हैं कि ये तोते अफीम के डोडों पर चोंच मारकर उसका रस पी जाते हैं, जिससे फसल की गुणवत्ता बुरी तरह प्रभावित हो रही है।

किसानों का कहना है कि तोते रोजाना खेतों में आकर बड़ी मात्रा में फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। अनुमान है कि प्रतिदिन करीब दो लाख रुपए कीमत की अफीम की फसल खराब हो रही है।

नशे की लत बनी फसल नुकसान की वजह

स्थानीय किसानों के अनुसार, क्षेत्र के तोतों को अफीम के रस की लत लग चुकी है। यही वजह है कि डराने, भगाने और शोर मचाने के बावजूद तोते दोबारा खेतों में लौट आते हैं। पूरी टोली के साथ आकर ये तोते अफीम के पौधों को नुकसान पहुंचाते हैं।

मेवाड़ में अफीम की फसल पर तोतों का हमला, रोजाना लाखों का नुकसान झेल रहे किसान

डोडों पर चोट लगने से न केवल उत्पादन घटता है, बल्कि अफीम की गुणवत्ता भी खराब हो जाती है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ सरकारी मानकों पर भी खरा न उतरने का डर सता रहा है।

अच्छी पैदावार की उम्मीद पर संकट

इस साल मौसम अफीम की खेती के लिए अनुकूल रहा है। ओलावृष्टि और पाले से फसल बची रही, जिससे किसानों को बंपर पैदावार की उम्मीद थी। लेकिन अब तोतों के कारण उस उम्मीद पर पानी फिरता नजर आ रहा है।

फसल को बचाने के लिए किसान बर्ड नेट, खेतों में लाउड स्पीकर, पुतले और अन्य उपाय अपना रहे हैं। इसके बावजूद तोतों पर ज्यादा असर नहीं पड़ रहा है।

सरकारी व्यवस्था

राजस्थान के भीलवाड़ा, झालावाड़, कोटा, प्रतापगढ़, उदयपुर और बारां जिलों में अफीम की खेती होती है। चित्तौड़गढ़ और झालावाड़ राज्य के प्रमुख अफीम उत्पादक क्षेत्र माने जाते हैं। अफीम की खेती नारकोटिक्स विभाग के कड़े नियंत्रण और लाइसेंस प्रणाली के तहत होती है।

सरकारी स्तर पर बिना चीरा लगी अफीम डोडा (CPS) की खरीद अप्रैल के पहले पखवाड़े से अलग-अलग जिलों में शुरू होगी। वहीं, बाजार में अफीम की अवैध कीमत काफी अधिक बताई जाती है, जिससे फसल नुकसान किसानों के लिए और भी भारी साबित हो रहा है।

Leave a comment