बूंदी में एसी डील के बहाने शुरू हुई बातचीत एक सुनियोजित हनी ट्रैप और लूट की वारदात में बदल गई। व्यापारी को झांसे में लेकर सुनसान इलाके में मारपीट कर नकदी और सोने का कड़ा लूटा गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई में दो महिलाओं सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
Bundi Honey Trap Case: बूंदी जिले में एसी खरीद के बहाने एक व्यापारी को बुलाकर उसके साथ लूटपाट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। 26 अक्टूबर को वॉट्सऐप से संपर्क कर युवती ने भरोसा जीता, फिर बड़े कमीशन का लालच देकर 5 नवंबर को व्यापारी को बूंदी बुलाया गया। नानकपुरिया चौराहे के पास सुनसान जगह पर गिरोह ने मारपीट कर 35 हजार रुपये और सोने का कड़ा लूट लिया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने दो महिलाओं सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
AC डील के नाम पर शुरू हुई बातचीत
बूंदी पुलिस के अनुसार, गिरोह ने व्यापारी को 26 अक्टूबर को वॉट्सऐप मैसेज के जरिए संपर्क किया। युवती ने AC खरीदने की बात कही और दो दिनों बाद खुद दुकान पर आकर AC देखकर लौट गई। इससे व्यापारी को डील असली लगी।
29 अक्टूबर को युवती ने फिर संपर्क किया और व्यापारी को बताया कि उसके पिता बड़े प्रॉपर्टी डीलर हैं, जिनके लेनदेन में मोटा कमीशन मिलता है। इसी लालच में व्यापारी 5 नवंबर को AC साइट दिखाने के लिए बूंदी पहुंच गया।
![]()
सुनसान जगह पर हमला और लूटपाट
नानकपुरिया चौराहे के पास पहले से मौजूद गिरोह के सदस्यों ने व्यापारी को रोककर मारपीट की, 35 हजार रुपये और सोने का कड़ा लूट लिया। इसके बाद वे व्यापारी से 10 लाख रुपये की बड़ी रकम वसूलने की फिराक में थे।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई में 4 आरोपी गिरफ़्तार
शिकायत मिलते ही एसपी राजेंद्र कुमार मीणा के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई। तकनीकी निगरानी और लगातार पीछा करने के बाद दो महिलाओं सहित कुल चार आरोपी बापर्दा पकड़े गए। पुलिस ने दो मोटरसाइकिलें भी जब्त कीं।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह जांच रही है कि गिरोह ने राजस्थान के अन्य जिलों या पड़ोसी राज्यों में भी इसी तरह का हनी ट्रैप मॉड्यूल चलाया है या नहीं। लूटी गई नकदी और सोने के कड़े की बरामदगी के प्रयास भी जारी हैं।











