फिल्म 'हनुमान अंश' भारतीय बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करने के बाद अब 11 सितंबर को ओवरसीज मार्केट में भी रिलीज हो रही है। हालांकि, भारत में फिल्म की कमाई का सिलसिला जारी है।
Box Office Collection: भारतीय सिनेमाघरों में इस समय कई फिल्मों के बीच कमाई को लेकर मुकाबला देखने को मिल रहा है। एक तरफ लंबे समय से दर्शकों की पसंद बनी हुई 'हनुमान अंश' बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए हुए है, तो दूसरी ओर हाल ही में रिलीज हुई 'मिर्जापुर द मूवी' भी टिकट खिड़की पर मजबूत प्रदर्शन कर रही है। इन दोनों फिल्मों के बीच अब 11 सितंबर को नई रिलीज 'हैवान' ने दस्तक दे दी है। ऐसे में आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस पर फिल्मों के बीच मुकाबला और दिलचस्प होने की उम्मीद है।
गुरुवार यानी 10 सितंबर के बॉक्स ऑफिस आंकड़ों पर नजर डालें तो 'हनुमान अंश' ने अपने पांच सप्ताह पूरे करने के बाद भी कमाई की रफ्तार बनाए रखी है। वहीं 'मिर्जापुर द मूवी' ने रिलीज के पहले सप्ताह में अच्छा प्रदर्शन करते हुए मजबूत कलेक्शन दर्ज किया है। दूसरी ओर यश की फिल्म 'टॉक्सिक' की कमाई में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है।
'हनुमान अंश' ने 35वें दिन भी की अच्छी कमाई
7 अगस्त को रिलीज हुई 'हनुमान अंश' को सिनेमाघरों में पांच सप्ताह पूरे हो चुके हैं। फिल्म ने अपने प्रदर्शन से बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद से बेहतर पकड़ बनाई है। खास बात यह है कि वीकडेज में भी फिल्म को दर्शक मिल रहे हैं। बुधवार को फिल्म ने 10.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। इसके बाद गुरुवार को रिलीज के 35वें दिन भी 'हनुमान अंश' ने करीब 10 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके साथ ही फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 163.15 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
फिल्म शुक्रवार से अपने छठे सप्ताह में प्रवेश कर चुकी है। 11 सितंबर को 'हनुमान अंश' की ओवरसीज रिलीज भी हो रही है। ऐसे में मेकर्स को उम्मीद है कि विदेशी बाजार से भी फिल्म के कारोबार को अतिरिक्त मजबूती मिल सकती है।
![]()
'हनुमान अंश' की साप्ताहिक कमाई
फिल्म के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन को सप्ताह के हिसाब से देखें तो पहले सप्ताह में करीब 1.08 करोड़ रुपये, दूसरे सप्ताह में 40 लाख रुपये, तीसरे सप्ताह में 10.40 करोड़ रुपये, चौथे सप्ताह में 61 करोड़ रुपये और पांचवें सप्ताह में लगभग 90.25 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया गया।
'मिर्जापुर द मूवी' ने पहले सप्ताह में पकड़ी रफ्तार
4 सितंबर को रिलीज हुई 'मिर्जापुर द मूवी' भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने रिलीज के शुरुआती दिनों में तेजी से कमाई की और पहले सप्ताह के अंत तक इसका कुल भारत नेट कलेक्शन 148.46 करोड़ रुपये पहुंच गया। बुधवार को फिल्म ने छठे दिन 12.55 करोड़ रुपये कमाए थे। हालांकि, गुरुवार को सातवें दिन इसकी कमाई में कुछ कमी आई और फिल्म ने करीब 10.55 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
फिल्म ने पहले दिन 25.75 करोड़ रुपये, दूसरे दिन 32 करोड़ रुपये और तीसरे दिन 36 करोड़ रुपये कमाए थे। चौथे दिन इसका कलेक्शन 16 करोड़ रुपये रहा, जबकि पांचवें दिन फिल्म ने 15.60 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
![]()
'हैवान' की एंट्री से बदलेगा बॉक्स ऑफिस समीकरण?
11 सितंबर को 'हैवान' के रिलीज होने के बाद अब बॉक्स ऑफिस पर नई प्रतिस्पर्धा शुरू हो गई है। 'हनुमान अंश' जहां लंबे समय से सिनेमाघरों में टिकी हुई है, वहीं 'मिर्जापुर द मूवी' ने नई रिलीज के तौर पर दर्शकों के बीच मजबूत पकड़ बनाई है। नई फिल्म की रिलीज का सबसे ज्यादा असर शो और स्क्रीन की उपलब्धता पर पड़ सकता है।
हालांकि, 'हनुमान अंश' की मौजूदा कमाई को देखते हुए यह कहना जल्दबाजी होगी कि नई रिलीज से उसके कारोबार में बड़ी गिरावट आएगी। आने वाला वीकेंड बॉक्स ऑफिस की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
'टॉक्सिक' की कमाई में लगातार गिरावट
दूसरी ओर यश स्टारर 'टॉक्सिक' बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष करती नजर आ रही है। फिल्म की रिलीज के 16 दिन बाद भी कमाई में खास मजबूती नहीं लौट पाई है। बुधवार को 15वें दिन फिल्म ने करीब 60 लाख रुपये का कारोबार किया था, जबकि गुरुवार को इसका कलेक्शन लगभग 39 लाख रुपये रहा। फिल्म का कुल भारत नेट कलेक्शन अब 248.24 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। मौजूदा ट्रेंड को देखते हुए 'टॉक्सिक' के लिए आने वाले दिन काफी महत्वपूर्ण रहने वाले हैं।








